100 करोड़ का काला कारोबार, सट्टेबाजी का नया डॉन ‘मलिक’ कौन है? तलाश में वाराणसी पुलिस; 13 गुर्गे गिरफ्तार
वाराणसी पुलिस 'मलिक' नामक ऑनलाइन सट्टेबाज की तलाश में है, जिसका फर्म लाखों युवाओं को जोड़कर बड़ा नेटवर्क चला रहा है. हाल ही में IPL फाइनल पर सट्टा लगाते 13 लोग वाराणसी में पकड़े गए, जो इस फर्म के लिए काम कर रहे थे. मलिक इन्हें 6% कमीशन देता है.
वाराणसी पुलिस ने एक बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. रविवार को IPL फाइनल पर करोड़ो का दांव लगा था. मुखबिर की सूचना पर टकटकपुर से क्राइम ब्रांच और कैंट पुलिस ने 13 लोगों को सट्टा लगवाते पकड़ा. पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की तो उनके होश उड़ गए. पता चला कि सट्टा लगवाने वाला ये गिरोह मलिक फर्म के लिए काम करता है.
डीसीपी क्राइम नीतू कादियान ने बताया कि सिर्फ एक महीने में ही पकड़े गए गिरोह को 6% की दर से करीब 18 करोड़ रूपये दिए गए हैं. इस लिहाज से अब तक ये कई सौ करोड़ के ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर दिए हैं. सट्टे का पैसा हवाला के जरिए क्रिप्टो में इन्वेस्ट किया जाता है. सट्टेबाजी की कमाई से रियल एस्टेट और जमीन के कारोबार की भी सूचना है.
महाराष्ट्र के ‘मलिक’ की तलाश में वाराणसी पुलिस
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इस सट्टेबाजी फर्म का मालिक महाराष्ट्र का रहना वाला ‘मलिक’ नाम का व्यक्ति है. मुंबई में रहकर सट्टेबाजों का एक बड़ा नेटवर्क तैयार करने वाले मलिक फर्म से डेढ़ लाख युवा जुड़े हैं. कुछ सालों में ही इसने कई सौ करोड़ का काला कारोबार खड़ा कर दिया. वाराणसी पुलिस अब इस ‘मलिक’ के तलाश में जुटी है.
क्राइम ब्रांच और कैंट पुलिस की सयुक्त कार्रवाई में जिन 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, ये सभी वाराणसी, महाराष्ट्र, जयपुर, इटावा और जौनपुर के रहने वाला हैं. ये सभी लोग टेलीग्राम के जरिए मलिक फर्म से जुड़े थे और आकर्षक कमीशन की वजह से इस गिरोह से जुड़े. एक महीने में ही पकड़े गए गिरोह को 6% की दर से करीब 18 करोड़ रूपये दिए गए हैं.
फुटबॉल वर्ल्ड कप से पहले पकड़ने की कोशिश में पुलिस
पुलिस का कहना है कि ऐसे और कई छोटे छोटे लोगों के गिरोह इस मलिक के लिए काम कर रहे होंगे, ऐसी आशंका है. वाराणसी पुलिस अब मलिक की तलाश में है. आने वाले कुछ दिनों में फुटबॉल वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा है और उसके पहले ही मलिक को धर दबोचने की कोशिश में है. इस गिरोह के तार अंतरराष्ट्रीय सट्टा सिंडिकेट्स से जुड़े हो सकते हैं.
