पिकलबॉल से बॉक्स क्रिकेट तक… वाराणसी में बनेगा पूर्वांचल का पहला ‘स्पोर्ट्स सिटी सेंटर’
वाराणसी में पूर्वांचल का पहला आधुनिक स्पोर्ट्स सिटी सेंटर बनने जा रहा है. यहां ऑनलाइन प्री-बुकिंग के साथ पिकल बॉल, टेनिस, बॉक्स क्रिकेट जैसी विभिन्न खेल सुविधाओं और योग का आनंद लिया जा सकेगा. यह केंद्र फिटनेस, मनोरंजन और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा, जिससे पूर्वांचल का विकास होगा.
वाराणसी में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में योगी सरकार में एक बड़ा कदम उठाया है. सरकार वाराणसी में पूर्वांचल का पहला “स्पोर्ट्स सिटी सेंटर” विकसित करने जा रही है. यह अत्याधुनिक स्पोर्ट्स हब नदेसर तालाब के पास बनाया जाएगा, जहां आम नागरिक अपनी पसंद का खेल खेलने के लिए ऑनलाइन प्री-बुकिंग भी कर सकेंगे.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रस्तावित मल्टी स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन में पिकल बॉल, लॉन टेनिस, बॉक्स क्रिकेट और स्केटिंग जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके साथ ही योगाभ्यास के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया जाएगा. पूरा परिसर दिव्यांगजनों के अनुकूल होगा, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग यहां भाग ले सकें.
नदेसर तालाब में बोटिंग, आकर्षक फाउंटेन
यह योजना एक गेम-चेंजर साबित होगी ,जहां फिटनेस, मनोरंजन और प्रकृति के सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिलेगा. स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने जानकारी दिया कि इस स्पोर्ट्स सेंटर की एक खास विशेषता यह है कि नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार अपने पसंदीदा खेल के लिए स्लॉट की ऑनलाइन प्री-बुकिंग कर सकेंगे.
ऑनलाइन प्री-बुकिंग से समय की बचत होगी और खेलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. साथ ही और खेल सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन भी संभव होगा. प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यह स्थान बेहद ख़ास होगा. नदेसर तालाब में बोटिंग की सुविधा, आकर्षक फाउंटेन और हरियाली से भरपूर वातावरण लोगों को सुकून और आनंद का अद्भुत अनुभव देगा.
फैमिली रिक्रिएशन, वेलनेस हब के रुप में बनेगा
यह स्पोर्ट्स सेंटर केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक फैमिली रिक्रिएशन और वेलनेस हब के रूप में भी विकसित किया जाएगा. यहां आधुनिक फ़ूड ट्रक एवं फ़ूड कोर्ट, ब्रेकफास्ट मिक्स, स्प्राउट आदि जैसे स्वास्थ्य क्यूज़ीन कैफे की स्थापना होगी. इससे लोगों को बेहतरीन खानपान और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे.