‘अतीक जैसी मौत देंगे…’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को धमकी मामले में एक्शन, FIR दर्ज
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिली थी. इस घटना को लेकर संत समाज में खासा आक्रोश है. विद्या मठ के परमात्मा नंद ब्रह्मचारी ने मामले में तहरीर दी थी, जिसपर वाराणसी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस धमकी देने वाले के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है.
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया. वाराणसी के भेलूपुर थाने में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. धमकी देने वाले ने फोन पर गालियां देते हुए कहा था कि जैसे अतीक अहमद को मारा, वैसे ही तुम्हारा भी अंजाम होगा.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को एक अप्रैल और फिर छह अप्रैल को उनके काशी स्थित विद्यामठ के अधिकृत नंबर पर अज्ञात नंबर से धमकी दी गई थी. टेक्स्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए धमकी मिली, जिसमें बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया थी. इस घटना से संत समाज में आक्रोश पैदा हो गया है. अब थाने में FIR दर्ज करवा सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.
दो बार वॉइस मेल में धमकी भरा ऑडियो संदेश आया
विद्या मठ के परमात्मा नंद ब्रह्मचारी ने थाने में यह मुकदमा दर्ज कराया है. वहीं, शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर एक अप्रैल को समय 10:25 से 10:35 के बीच लगातार टेक्स्ट मेसेज आया था. नम्बर को ब्लॉक करने पर 6 अप्रैल को वॉइस मेल में दूसरा धमकी भरा ऑडियो संदेश आया था.
संजय पाण्डेय ने बताया कि पहला संदेश काफी अभद्र था, इसमें गाली देते हुए कहा गया, उनका टाइम नजदीक आ गया है. वो बच ही नहीं पाएगा. उसको खुद जैसे अतीक अहमद को मारा वैसे ही उसको मरना है और बाद में सारा कहानी खत्म. इस दुनिया से उसका टाइम आ गया है अब ज़्यादा दिन नहीं रह सकता. जहां वो यात्रा कर रहा है वहीं बीच में खत्म हो जाएगा.
आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस
वाराणसी के भेलूपुर थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शंकराचार्य के शिष्यों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी गई है. बता दें कि, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों गौ-हत्या के खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा पर सवाल हैं.