स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का मुख्यमंत्री योगी को चैलेंज-माफी की बात पीछे छूटी, अब लखनऊ में बैठूंगा
माघ मेले में स्नान से रोके जाने से नाराज शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कड़ी चुनौती दी है. उन्होंने 40 दिनों के भीतर गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौहत्या व गोमांस निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है. शंकराचार्य ने कहा कि अगर सीएम योगी ऐसा नहीं करते, तो वह लखनऊ में उन्हें 'नकली हिंदू' घोषित कर देंगे.
माघ मेले में स्नान से रोके जाने से नाराज शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ फ्रंट खोल दिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पूछा था कि वो अपने नाम के आगे शंकराचार्य क्यों लिख रहे हैं. हमने इसका जवाब दिया, जिसे वह 15 दिन बाद भी काट नहीं पाए हैं. इसका प्रमाण है कि हमने साबित कर दिया. अब उन्हें साबित करना है कि वह असली हिंदू हैं कि नकली. उन्होंने सीएम योगी को 40 दिन का वक्त दिया. कहा कि इस अवधि में वह गाय को राष्ट्र माता घोषित करें.
उन्होंने कहा कि प्रयागराज से निकलने के साथ ही स्नान की बात पीछे छूट गई है. अब नया मुद्दा है और इसी मुद्दे पर बात होगी. उन्होंने कहा कि अब वह इसी मुद्दे के साथ प्रयागराज या काशी में नहीं, बल्कि राजधानी लखनऊ में बैठेंगे. इसी के साथ उन्होंने ऐलान किया कि 40 दिन में गाय की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और निर्यात पर पूर्ण रोक नहीं लगती और राज्यमाता का दर्जा नहीं मिलता तो वह लखनऊ में ही सीएम योगी को नकली हिन्दू घोषित कर देंगे.
अब अगले साल जाएंगे प्रयागराज
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने साफ शब्दों में कहा कि स्नान अब बहुत पीछे छूट गया. अब वह अगले ही साल संगम में स्नान के लिए प्रयागराज जाएंगे. उन्होंने कहा कि वो हमको लालच दे रहे थे कि फूल बरसा देंगे आप के लिए और बाकी शंकराचार्य के लिए एसओपी बना देंगे. वो क्षमायाचना के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए स्नान की बात यहीं पर समाप्त हो जाती है. उन्होंने कहा कि 10-11 मार्च को लखनऊ में बड़ा संत समागम होने जा रहा है. इसी संत समागम में वह सीएम योगी को लेकर घोषणा कर देंगे. उन्होंने चैलेंज करते हुए कहा कि उन्हें खुद तय करना है कि वो कौन से हिंदू बनना चाहेंगे.
यूपी में कट रहीं है सवा करोड़ गाय
शंकराचार्य ने कहा कि यूपी में साल भर में सवा करोड़ गाय काटी जा रही है. यूपी में गाय की अपेक्षा भैंस 75% ज़्यादा हैं, जबकि देश भर में गाय भैंसों से ज़्यादा हैं. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ केंद्र सरकार के टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं. जब महाराष्ट्र में गऊ माता को राज्य माता घोषित कर सकता है, नेपाल गऊ को राष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जोड़ा जा सकता है तो आप क्यूं नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि देश के टोटल बीफ एक्सपोर्ट में यूपी का हिस्सा लगभग आधा है. सीएम योगी या तो आप भगवा चोली उतारिये या फिर गोमांस निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं.
