घर में ताले क्यों नहीं लगाए? थाने में मकान मालिक पर भड़का चोर… हैरान कर देगा मामला
वाराणसी में ₹40 लाख की चोरी के बाद पकड़े गए चोर ने मकान मालिक को ही फटकार लगा दी. थाने में आमना सामना होने पर चोर ने पूछा, "जब इतने कमरे बनवाए तो ताले क्यों नहीं लगाए?" इस अजीबोगरीब घटना से पुलिस भी हैरान रह गई. चोरों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह दिन में फेरी लगाकर सूने घरों की रेकी करते थे और रात में वारदात करते थे.
उत्तर प्रदेश में भगवान भोलेनाथ की नगरी वाराणसी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चकबंदी अधिकारी के घर से 40 लाख के जेवर और नगदी चुराने वाले चोर को पुलिस पकड़कर थाने लाई थी. इस दौरान चोर का चकबंदी अधिकारी से आमना सामना कराया गया. इस दौरान खुद चोर ही मकान मालिक पर भड़क गया. उसने पूछा कि घर में इतने कमरे बनवा रखे हैं तो ताले क्यों नहीं लगाते. मामला वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में गायत्री नगर कॉलोनी का है.
बता दें कि यहां रहने वाले चकबंदी अधिकारी के बंद मकान में 31 मार्च को चोरी हुई थी. चोरों ने इस घर से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के जेवर एवं अन्य कीमती सामान चुरा लिए थे. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने दोनों चोरों को अरेस्ट कर लिया और इनके पास से चुराए गए सभी जेवर आदि बरामद कर लिए हैं. थाने में चोर से पुलिस पूछताछ कर ही रही थी कि सूचना मिलने पर चकबंदी अधिकारी भी वहां पहुंच गए. इसके बाद पुलिस ने उनका चोर से आमना सामना कराया. इस दौरान उल्टा चोर ही चकबंदी अधिकारी पर भड़क गया.
इतना बड़ा गेट और छोटा सा ताला
मकान मालिक को देखते ही चोर ने कहा कि इतना बड़ा घर बनवाया है, इसमें इतना बड़ा गेट है और छोटा ताला क्यों लगाया? यही नहीं, घर में सात कमरे हैं और किसी भी कमरे में ताला नहीं, केवल कुंडी लगाकर ही घर को सुरक्षित मान लिया? चोर के इन सवालों पर मकान मालिक ही नहीं, खुद पुलिस भी हैरान रह गई. एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक पकड़े गए दोनों चोरों की पहचान बजरडीहा जक्खा में आजाद नगर के रहने वाले मो. शारिक जमाल अंसारी, बजरडीहा पुलिस चौकी के पास रहने वाले रेयाज अंसारी के रूप में हुई है.
दिन में लगाते फेरी और रात में करते चोरी
चोरों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह दिन में फेरी लगाकर साड़ियां बेचते थे. चूंकि इससे उन्हें पर्याप्त कमाई नहीं होती थी, इसलिए फेरी की आड़ में दिन में ही वह सूने मकानों की रेकी करते और फिर रात में मौका देखकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. चोरों ने बताया कि गायत्री नगर कॉलोनी में फेरी लगाते समय उन लोगों ने नोटिस किया था कि इस मकान में कई दिन से छोटा सा ताला लगा है. इसलिए उन्हें अंदाजा हो गया कि मकान मालिक कहीं बाहर गए हैं. ऐसे में रात में उन लोगों ने मंकी कैप पहनकर इस वारदात को अंजाम दिया.