दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, काशी में जहाज कारखाना; यूनियन बजट में UP को और क्या मिला?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण ने रविवार को देश का बजट पेश किया. अपने बजट भाषण में उन्होंने उत्तर प्रदेश को कई सौगात दिए हैं. इसमें दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और वाराणसी में जहाज कारखाना शामिल है.

बजट पेश करने जाती केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण Image Credit:

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण ने रविवार को देश का बजट पेश किया. अपने बजट भाषण में उन्होंने उत्तर प्रदेश को कई सौगात दिए हैं. इसमें दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और वाराणसी में जहाज कारखाना शामिल है. इसके अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में राज्य के हर जिले में एक महिला छात्रावास का प्रस्ताव भी किया है. केंद्र सरकार के इस बजट में पर्यटन स्थलों के लिए विशेष पैकेज का ऐलान किया गया है.

इस केंद्रीय बजट में किए गए प्रावधानों से उत्तर प्रदेश को अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है. खासतौर पर रियल एस्टेट और औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में दावा किया है कि भारत बायो फार्मा की शक्ति बनेगा. इसके लिए उन्होंने 10 हजार करोड़ का ऐलान किया है. चूंकि इस लिहाज से उत्तर प्रदेश सरकार पहले से ही यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे इस तरह का प्रोजेक्ट लांच करने की तैयारी में है.

फार्मा सेक्टर का केंद्र बनेगा यूपी

ऐसे में उम्मीद है कि केंद्रीय मदद से उत्तर प्रदेश फार्मा सेक्टर का केंद्र बनेगा और इस प्रोजेक्ट को गति मिलेगी. इससे उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर जीवन रक्षक दवाओं का निर्माण होगा और देश को डायबिटीज और कैंसज जैसी बीमारियों की दवाएं सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी. वित्त मंत्री ने बुद्ध से जुड़े स्थलों के विकास की भी बात की है. इससे बनारस में सारनाथ और कुशीनगर के भी कायाकल्प की उम्मीद जगी है.

हस्तिनापुर बनेगा हेरिटेज साइट

पुरातात्विक महत्व के स्थलों के संरक्षण के लिए वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में हेरिटेज साइट बनाने का ऐलान किया है. इनमें मेरठ के पास स्थित महाभारत कालीन हस्तिनापुर भी शामिल है. इसके अलावा वित्त मंत्री ने देश के सभी जिला अस्पतालों को भी अपग्रेड करने का प्रस्ताव किया है. इन अस्पतालों के अपग्रेडेशन में आवश्यकता के मुताबिक बजट खर्च किया जाएगा.

बेहतर होगा रेल यातायात

वित्त मंत्री ने रेल सेवाओं में सुधार के लिए कई प्रावधान किए हैं. इसमें दिल्ली वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा के साथ ही उन्होंने सात अन्य रेल कॉरिडोर की भी घोषणा की है. इसमें वाराणसी-सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर भी शामिल है. इसके अलावा उन्होंने पुराने रेल कॉरिडोर में सुधार की बात की है. यह सभी पुराने रेलवे ट्रैक वंदे भारत जैसी ट्रेनों के संचालन योग्य बनाए जाएंगे.