जब सूर्या को हुआ था चिकन पॉक्स तो कॉलेज क्यों बुलाया? सवालों के घेरे में होनहार लड़के का मर्डर, आरोपी है मनबढ़

वाराणसी के यूपी कॉलेज के छात्र सूर्या प्रताप सिंह की हत्या ने कई सवाल खड़े किए हैं. आरोप है कि जब सूर्या चिकन पॉक्स से पीड़ित था तो उसे कॉलेज क्यों बुलाया गया? प्रिंसिपल के मध्यस्थता पर भी प्रश्नचिह्न है, दोनों में पहले से ही विवाद था तो उन्हें एक साथ समझौता कराने क्यों बुलाया गया?

छात्र की हत्या में सवालों के घेरे में कॉलेज प्रशासन Image Credit:

वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की शुक्रवार को कैंपस में गोली मारकर हत्या कर दी गई. वो पिछले 15 दिनों से चिकन पॉक्स की वजह से अपने घर गाज़ीपुर में था. ये जानते हुए भी उसको प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कॉलेज बुलाया. उसकी हत्या उस जगह हुई जहां थोड़ी देर पहले प्रिंसिपल आरोपी छात्र के साथ समझौता कराने की कोशिश कर रहे थे.

छात्र सूर्या प्रताप सिंह की हत्या पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पहला कि उसे बीमारी में कॉलेज क्यों बुलाया? दुसरा कि जब आरोपी मंजीत चौहान मनबढ़ था, उसपर कई मुकदमे दर्ज हैं और उसका सूर्या के साथ पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था. ऐसी स्थिति में प्रिंसिपल ने दोनों को एक साथ बुलाकर समझाने की जगह अलग-अलग क्यों नहीं समझाया गया?

बीते एक साल में दोनों तीन-चार बार भिड़ चुके थे

मृतक छात्र सूर्या बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र था और आरोपी मंजीत चौहान बीए सेकेंड ईयर का तो फिर दोनों में कई बार झगड़ा आखिर किस बात को लेकर था? फिलहाल बर्चस्व की बात सामने आ रही है लेकिन बर्चस्व किस बात के लिए? इसको लेकर फिलहाल तस्वीर साफ नहीं है. लेकिन बीते एक साल में दोनों तीन चार बार भिड़ चुके थें.

मृतक की पहचान लिखने-पढ़ने में मेधावी छात्र की

मृतक और आरोपी दोनों के प्रोफाइल में जमीन आसमान का अंतर था. 21 साल का सूर्य प्रताप सिंह गाज़ीपुर का रहने वाला था. उसकी पहचान लिखने पढ़ने में मेधावी छात्र की थी. 9th में एडमिशन लेने के बाद वह यूपी कॉलेज से ही पीसीएम से 12वीं में फर्स्ट किया और फिर यूपी कॉलेज में बीएससी मैथ्स में एंट्रेंस परीक्षा पास कर ग्रेजुएशन कर रहा था.

आरोपी छात्र पर कई केस, लोकल थानों में लोकप्रिय

वहीं, आरोपी मंजीत चौहान, बीए सेकेंड ईयर का छात्र है, और बनारस के चांदमारी का रहने वाला है. उसपर शिवपुर थाने में 323 का मुकदमा दर्ज है. जबकि उसके साथी अनुज पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं. बात-बात में मारपीट करने वाला मंजीत चौहान मनबढ़ प्रवृत्ति का था. इंस्टा पर ख़ुद को माफिया बताने वाला मंजीत लोकल थानों में भी काफी लोकप्रिय था.

चार राउंड फायरिंग, एक गोली सूर्या के सिर में लगी

मृतक छात्र एम.एससी कर के मैथ्स में रिसर्च करने की हसरत रखा था. सुबह 11 बजे आरोपी मंजीत चौहान ने कैंपस में उसपर चार राउंड गोलियां चलाई, इसमें एक गोली सूर्य प्रताप सिंह के सिर में तो दो गोली शरीर में लगी. वारदात के बाद आरोपी मंजीत चौहान अपने साथी अनुज के साथ फायर करते मौके से फरार हो गया और पिस्टल झाड़ियों में फेंक दी.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित- डीसीपी

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों के ख़िलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. और पुलिस की चार टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं. इसी बीच कॉलेज में तनाव का माहौल बना हुआ है. छात्र दोनों आरोपियों का एनकाउंटर और प्रिंसिपल और चीफ प्रॉक्टर का इस्तीफा चाहते हैं. कैंंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

Follow Us