सूर्या हत्याकांड: UP कॉलेज में बवाल, छात्रों ने कराया मुंडन, प्रिंसिपल से मांगा इस्तीफा

वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की हत्या के बाद छात्रों का गुस्सा भड़क गया है. प्रिंसिपल की लापरवाही और आरोपियों के खिलाफ ढुलमुल कार्रवाई का आरोप लगाते हुए छात्रों ने मुंडन कर विरोध प्रदर्शन किया. छात्रों ने प्रिंसिपल की बर्खास्तगी की मांग की है, उनका कहना है कि कैंपस में सुरक्षा नहीं है. पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

यूपी कॉलेज में मुंडन कराते छात्र

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में यूपी कॉलेज के छात्र सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की हत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा. दर्जनों की संख्या में छात्र इस घटना के लिए यूपी कॉलेज के प्रिंसिपल को जिम्मेदार बताते हुए जमकर बवाल काटा. सूर्या की तेरहवीं के दिन छात्रों ने कैंपस में धरना देते हुए मुंडन कराया. इस हंगामे की सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से छात्रों को शांत कराया.

बता दें कि बीते 20 मार्च को यूपी कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की हत्या हो गई थी. इस घटना को लेकर छात्रों ने खूब हंगामा काटा था. छात्रों ने आरोप लगाया था कि बदमाश पिस्टल लेकर कैंपस में घूम रहे हैं और छात्रों की हत्या कर रहे हैं. बावजूद इसके कॉलेज के प्रिंसिपल पल्ला झाड़ रहे हैं. ये नहीं चलेगा. इसी मुद्दे पर बुधवार को सूर्या की तेरहवीं के मौके पर एक बार फिर छात्र आक्रोशित हो गए और कैंपस में बवाल काटा.

प्रिंसिपल और पुलिस पर गंभीर आरोप

कैंपस में धरने पर बैठे छात्रों ने सूर्या हत्याकांड के लिए प्रिंसिपल को जिम्मेदार ठहराया. वहीं बदमाशों के कोर्ट में सरेंडर करने पर छात्रों ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया. छात्रों ने कहा कि सूर्या हत्याकांड की पूरी जिम्मेदारी प्रिंसिपल की है. इनके प्रिंसिपल रहते कैंपस और हॉस्टल में छात्र सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. छात्रों ने प्रिंसिपल को बर्खास्त करने की मांग की. इसी प्रकार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कैसे हत्यारोपी सरेंडर करने में सफल हो गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी.

चश्मदीद पर भी चलाई गोली

मृत छात्र सूर्या के साथी और वारदात के चश्मदीद उत्कर्ष सिंह ने टीवी 9 भारतवर्ष से बातचीत की. कहा कि उस दिन वह भी हत्यारोपियों के निशाने पर था. उसे लक्ष्य कर मंजीत ने फायर भी किया था. लेकिन ईश्वर की कृपा से वह बच गया. बावजूद इसके, पुलिस और प्रशासन हम लोगों पर ही कार्रवाई की बात कर रहा है. वहीं, प्रशासन का कहना है कि एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में गठित कमेटी हत्याकांड की जांच कर रहा है. छात्रों की मांग पर ये कमेटी गठित है. प्रशासन ने कमेटी की रिपोर्ट आने तक छात्रों को धैर्य रखने की सलाह दी है.

Follow Us