यूपी में अभी नहीं थमा है ठंड का दौर, तेज हवाएं और शीतलहर के चलते बढ़ेगी गलन

यूपी अब भी ठंड का दौर थमा नहीं है. तेज हवाओं और शीतलहर के पूर्वानुमान के चलते प्रदेश में गलन में फिर से इजाफा हो सकता है. फिलहाल, मौसम स्थिर है, लेकिन कई जिलों में 100 से 500 मीटर दृश्यता वाला कोहरा रिकॉर्ड किया गया है.

यूपी में मौसम का हाल

यूपी में मौसम तेजी से बदले हैं. बारिश का दौर बीत चुका है. हालांकि, शीतलहर से अब भी राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी कुछ दिन और सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा. इस दौरान तेज हवाएं बहेंगी, जिसके चलते रात के तापमान में गिरावट आ सकती है. धूप निकलने के चलते दिन में तेज हवाओं का असर ज्यादा नजर नहीं आएगा.

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

आईएमडी ने सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और आस पास के जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में दृश्यता 100 से 500 मीटर रह सकता है.

फिर से सक्रिय होगा एक पश्चिमी विक्षोभ

फिलहाल, मौसम अगले कुछ दिन ऐसे ही स्थिर बना रहेगा. लेकिन 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इस वजह से मौसम में फिर से उतार-चढ़ाव की स्थिति नजर आएगी. बारिश का दौर फिर से वापस लौट सकता है.

लगातार मौसम में बदलाव के पीछे ये है वजह

बता दें कि प्रदेश में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके जनवरी में ठीक-ठाक बारिश हुई थी. ऐसे में 08 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर से बारिश की आशंका है. लेकिन मौसम विभाग ने इसको लेकर कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया है.

बाराबंकी सबसे ठंडा जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कमी आई है. सबसे कम तापमान बाराबंकी में रिकॉर्ड किया गया. यहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर बुलंदशहर फतेहपुर, बरेली और हरदोई में 9 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, 26.5 डिग्री के साथ सबसे अधिक तापमान वाराणसी और गाजीपुर में रिकॉर्ड किया गया. फिर बलिया में 25 और गोरखपुर में 24.5 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया.