यूपी में 37 डिग्री तक पहुंचा तापमान, जल्द आ सकती है लू की स्थिति

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. मार्च में मई महीने जैसी गर्मी पड़ रही है.अगर स्थिति ऐसी ही रही तो इस बार प्रदेश में लू की स्थिति समय से पहले आ सकती है.

आज का मौसम

उत्तर प्रदेश के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है. पारा 37 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. मार्च महीने में मई जैसी गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक जल्द ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. अगर ऐसा ही रहा तो प्रदेश में लू की स्थिति बहुत जल्द आ सकती है.

राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र मुताबिक आज यानी 09 मार्च को प्रदेश पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क बना रहेगा. यूपी के सभी 75 जिलों में ग्रीन जोन की स्थिति है. सुबह की धूप सुहावना लगेगी. लेकिन दिन बढ़ने के साथ धूप में तल्खी बढ़ेगी और अच्छी खासी गर्मी का एहसास होगा.

अधिकतम तापमान में आएगा उछाल

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में बदलाव की गुंजाइश नहीं है. मौसम विभाग की बात मानें तो इस साल मार्च से मई के बीच औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.

पहले आ सकती है लू की स्थिति

आईएमडी का कहना है कि इस बार लू की स्थिति समय से पहले आ सकती है. ऐसे में इस बार लोगों को तापमान में हो रही तेजी से बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों को अभी से सतर्क रहने की सख्त जरूरत है. वर्ना गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ सकती है. फिलहाल, तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुकी है.

झांसी रहा सबसे गर्म जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान झांसी सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर, आगरा में 36.4, बांदा में 35.2, अलीगढ़ में 35, प्रयागराज में 34.2 डिग्री पाया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे ठंडा जिला फतेहपुर रहा. यहां सबसे कम 14 डिग्री तापमान पाया गया. फिर नजीबाबाद और बुलंदशहर में 15.5 और कानपुर और अयोध्या में 16 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया.