यूपी में थम गई बारिश, गर्मी-लू के लिए हो जाएं तैयार, 8 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
प्रदेश में बारिश थम गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में तकरीबन 8 डिग्री तक का उछाल देखने को मिल सकता है. इसके अलावा 15 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते अप्रैल के मध्य में फिर से बारिश की स्थिति आ सकती है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल चुका है. आंधी-बारिश खत्म हो चुका है. ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. फिलहाल, मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए प्रदेश के सभी जिलो में ग्रीन जोन घोषित कर दिया है,
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 10 अप्रैल को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम सामान्य होगा. इस दौरान आसमान साफ होगा और सभी जिलों में धूप भी खिली होगी. हालांकि, प्रदेश के अधिकांश शहरों में अब भी तेज हवाएं चल सकती है.
मौसम विभाग ने किसानों से की ये अपील
मौसम विभाग ने जल्द किसानों को गेहूं की फसल की कटाई कर लेने की अपील की है. ताकि अगली बारिश में फसल को नुकसान ना हो. बता दें कि असमय बारिश ने किसानों की फसलों को बहुत नुकसान किया है. इसके चलते योगी सरकार प्रदेश को आपदाग्रस्त राज्य घोषित करने की तैयारी में है.
15 अप्रैल के बाद फिर बदल सकता है मौसम
15 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. अगर यह सिस्टम मजबूत रहा, तो महीने के मध्य में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. फिर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका नजर आ रही है. .हालांकि, आने वाले दिनों 7 से 8 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है.
ऐसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम सामान्य है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप खिला रहा है. हालांकि, मौसम में नमी जरूर बनी रही है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलती हुई नजर आ रही है. बता दें यह हफ्ता बारिश की भेंट चढ़ गया. प्रदेश के दोनों संभागों में ठीक-ठाक बारिश देखने को मिली.
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट
मौसम में नमी के चलते तापमान में भारी कमी देखी गई. सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री ओरई में दर्ज किया गया. फिर बांदा में 31.2, चुर्क में 31.1, लखीमपुर खीरी में 31 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं, नजीबाबाद 11.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला रहा. फिर बांदा में 12, हरदोई में 13, बरेली और मेरठ में 13.2 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.
