यूपी में फरवरी महीने में ही परेशान करने लगी गर्मी, 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

यूपी में इस हफ्ते मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है. साफ आसमान और तेज धूप का सिलसिला जारी रहेगा. फरवरी महीने में ही तापमान 30 डिग्री के पार चला गया है. विशेषज्ञों का कहना है इस बार मार्च से ही भीषण गर्मी शुरू हो जाएगी.

आज का मौसम Image Credit:

यूपी में अब ठंडक की जगह गर्मी ने दस्तक दे दी है. फरवरी महीने में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस हो रही है. फिलहाल, प्रदेश का मौसम पूरी तरह से शुष्क है. आसमान में तेज धूप खुल रही है. तापमान लगातार 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है. न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है.

ठंडक में आई कमी का असर लोगों के लाइफस्टाइल पर भी असर दिख रहा है. दिन में अच्छी धूप खिले रहने के चलते बाजारों में लोगों की संख्याओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. हालांकि, सुबह-शाम हल्की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने खानपान और पहनावे में संतुलन रखने की सलाह दी है.

पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं आ रहा नजर

हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर फिलहाल, यूपी में नजर नहीं आ रहा है. पहले अंदेशा जताया जा रहा था कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते यूपी के अधिकांश जिलों में बारिश देखने को मिलेगी. लेकिन अब तक ऐसा होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है. उत्तर पश्चिमी हवाओं ने गर्मी का एहसास जरूर बढ़ा दिया है.

इस हफ्ते मौसम रहेगा शुष्क

यूपी में इस हफ्ते मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है. साफ आसमान और तेज धूप का सिलसिला जारी रहेगा. विशेषज्ञों का कहना है इस बार मार्च से ही भीषण गर्मी शुरू हो जाएगी. ऐसे में बदलते मौसम के मुताबिक दिनचर्या अपनाने की सलाह दी है. ताकि बीमार पड़ने की आशंका पूरी तरह से कम हो जाए.

अधिकतम-न्यूनतम तापमान में इजाफा

यूपी में अब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही दर्ज किया जा रहा है.पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला फतेहपुर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फिर कानपुर नगर में 11.6 डिग्री, नजीबाबाद में 12 डिग्री और बहराइच में 12.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया. वहीं अधिकतम तापमान बांदा में 31.4 डिग्री, वाराणसी में 31.1 डिग्री, प्रयागराज में 30.5 डिग्री और बाराबंकी में 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

Follow Us