UP में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अगले 4 दिन घनघोर बारिश का अलर्ट, ओले भी गिरेंगे
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 मार्च से 31 मार्च तक प्रदेश में घनघोर बारिश होगी. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे के रफ्तार से राज्य के कई इलाकों में हवाएं चलने की आशंका है. ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का भी अलर्ट है. फिलहाल, बांदा में अधितकतम तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है.
यूपी पिछले दो दिनों पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ-साफ नजर आया है. प्रदेश के कई शहरों में बारिश की फुहारें देखने को मिली है. हालांकि, आज यानी शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर कम दिखाई पड़ेगा. हालांकि, एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से 29 मार्च फिर से तेज बारिश का दौड़ शुरू होगा.
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी शनिवार को नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर, लखनऊ, अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या और प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, बलिया, मुजफ्फरनगर समेत 30 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
29 से 31 मार्च तक बारिश का दिखेगा कहर
मौसम विभाग की मानें तो 29 मार्च से 31 मार्च तक प्रदेश में बारिश अपना कहर दिखाएगी. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से राज्य के कई इलाकों में हवाएं चलने की आशंका है. ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का भी अलर्ट है. ऐसे में आईएमडी की तरफ से लोगों को घर से निकलते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जम्मू कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. वहीं राजस्थान के ऊपर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इन सब के अलावा एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है. यही वजह है कि अगले कुछ दिन और मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
बारिश के चलते 2 से 4 डिग्री का उतार-चढ़ाव
बारिश के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. हालांकि, मौसम सामान्य होने के बाद तापमान में फिर इजाफा हो जाएगा. फिलहाल, मौसम की जो स्थिति है, उससे किसानों की फसलों को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है. खेतों में खड़ी-खड़ी फसलें बारिश के चलते डूब रही हैं.
40 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
बारिश के दौर के बावजूद पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में कमी की बजाय बढोतरी देखने को मिली है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है. बांदा में मैक्सिमम टेंपरेचर 40.02 डिग्री पाया गया. फिर हमीरपुर और प्रयागराज में 38.2 और वाराणसी में 37.4 डिग्री पाया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो 15.4 डिग्री के साथ मुजफ्फरनगर पहले नंबर पर रहा है. फिर बुलंदशहर में 17 और अयोध्या, बलिया में 18.5 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर रहा है.