यूपी में भयंकर गर्मी और लू का अलर्ट, बांदा में 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा… डराने वाले हैं पूर्वानुमान

यूपी को लेकर मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है. अगले 72 घंटे के दौरान प्रदेश के तापमान में और भी बढ़ोतरी हो सकती है. यह 45 डिग्री का आंकड़ा भी पार कर सकता है. ऐसे में आईएमडी ने लोगों से बहुत जरूरी होने पर दिन में घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

यूपी में हीटवेव का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है. गुरुवार यानी 16 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश शहरों में झुलसाती धूप नजर आई. बांदा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार चला गया है. मौसम विभाग ने लू का अलर्ट का अलर्ट जारी कर दिया है. लगातार बढ़ते तापमान और तपिश के चलते दिन के वक्त बाहर निकलना बेहद खतरनाक हो गया है.

हालांकि, इस बीच राहत की एक गुंजाइश नजर आ रही है. 20 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते इससे बारिश की संभावनाएं बेहद कम हैं. लेकिन आसमान में बादल जरूर छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

यूपी के लिए अगले 24 घंटे भारी

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 72 घंटे तक तापमान में और भी बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में आईएमडी ने लोगों से बहुत जरूरी होने पर दिन में घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. इसके अलावा लोगों से भरपूर पानी पीने की अपील की गई है, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें डिहाइड्रेशन जैसी दिक्कतें ना हों.

45 डिग्री पार कर सकता है तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में आज मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान का आंकड़ा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. प्रदेश के किसी भी संभाग में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है. मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से अगले 4-5 दिनों में स्थानीय स्तर पर गर्मी और बढ़ेगी.

क्यों तापमान में इतना हो रहा इजाफा

मौसम विशेषज्ञों की बात मानें तो मौसम में आए इस अचानक बदलाव के पीछे कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर बने एक एंटी-साइक्लोन सिस्टम जिम्मेदार है. इसकी वजह से गर्म हवाएं और भी ज्यादा मजबूत हो रही हैं और तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है.

बांदा में 44.8 डिग्री तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान बांदा सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया. यहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री पाया गया. फिर प्रयागराज में 43, वाराणसी में 42.8, झांसी और सुल्तानपुर में 41.3 अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद 15 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर मुजफ्फरनगर में 17.8, बहराइच में 18.4 और बरेली में 18.6 न्यूनतम तापमान रहा.

Follow Us