यूपी वालों को लू से कब मिलेगी राहत? मौसम विभाग ने बता दी तारीख
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 26 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. हालांकि, यह पहले के विक्षोभों के मुकाबले कमजोर होगा. लेकिन इसके चलते आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. प्रदेश के कई जिलों में 27 और 28 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इससे लू से थोड़ी राहत मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. लू के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आईएमडी के मुताबिक अगले 3 दिन में लू का प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है.फिलहाल, प्रदेश के 60 से अधिक जिलों के लिए मौसम विभाग ने हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
बुंदेलखंड क्षेत्र में हालात सबसे गंभीर हैं. यहां तापमान 45 डिग्री पहुंच रहा है.लखनऊ में गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
बच्चों-बुजुर्गों के बीमार होने का खतरा बढ़ा
फिलहाल, मौसम की जो स्थिति है, उससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए दिक्कतें बढ़ सकती है.इन्हें लू लगने का खतरा बढ़ गया है. साथ मजदूर, किसान और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों में डिहाइड्रेशन की स्थिति बढ़ सकती है.
मौसम विभाग ने दी लोगों को ये सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें और बाहर जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकें. शरीर में पानी की कमी न होने दें. इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें.
इस तारीख से लू से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 26 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. हालांकि, यह पहले के विक्षोभों के मुकाबले कमजोर होगा. लेकिन इसके चलते आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. प्रदेश के कई जिलों में 27 और 28 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इससे लू से थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन इसका प्रभाव खत्म होने के बाद फिर स्थिति पहले जैसी हो जाएगी.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे 43.8 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर , प्रयागराज में 43.7, सुल्तानपुर में 43.3, वाराणसी में 43.1 और आगरा में 43 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, सबसे कम तापमान वाले शहर की की बात करें तो वहीं, 19 डिग्री के साथ नजीबाबाद पहले नंबर पर रहा. फिर, बहराइच में 20.8, बस्ती में 21.5 और बाराबंकी में 22 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
