यूपी में इन दो तारीखों को घनघोर बारिश का अलर्ट, 60 KM/H से आएगा बवंडर
उत्तर प्रदेश में आज भी बारिश का अलर्ट है. हालांकि, 2 और 3 मई को मौसम एकदम साफ रहने की संभावना है. लेकिन लेकिन 4 और 5 मई को प्रदेश में फिर से घनघोर बारिश हो सकती है. साथ ही फिर से 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है.
राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वांचल-पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अप्रैल महीने में भारी तपिश महसूस की गई. हीटवेव की स्थिति ने लोगों को बेहाल कर रखा था. अस्पतालों में लू के मरीजों की संख्या बढ़ गई थी. लेकिन अब पिछले 2 दिन से प्रदेश भर में उत्तर भारत में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते तेज हवाएं, बारिश और ओलों का सिलसिला देखने को मिला.
यूपी में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विशेषज्ञ कह रहे थे कि पश्चिमी विक्षोभ का कोई खास असर नजर नहीं आएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ है. बुधवार की शाम और गुरुवार को पूरे प्रदेश में आंधी-पानी की स्थिति देखी गई. तकरीबन 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.ओले गिरे. कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की खबर है. इससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. फिलहाल 3 मई तक मौसम साफ रहने का अनुमान है. लेकिन 4 और 5 मई को प्रदेश में फिर घनघोर बारिश हो सकती है. साथ ही फिर से 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है.
तापमान में देखी गई गिरावट
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मौसम सुहाना हो गया. बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के असर से अधिकतम तापमान में 7 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. प्रदेश के अन्य जिलों का ऐसा ही हाल है. हर शहर के तापमान में तकरीबन 4 से 5 डिग्री की गिरावट जरूर देखी गई.हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है.
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक आज 1 मई को उत्तर प्रदेश के डुमरियागंज, बस्ती, देवरिया, हररिया, बलरामपुर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और साथ ही बारिश भी हो सकती है. इसके लिए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं पश्चिमी यूपी के जिलों की बात करें तो अलीगढ़, मथुरा, हाथरस में भी बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी है.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला बांदा रहा. यहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर प्रयागराज में 43.4, ओरई में 43.3, कानपुर में 42.6 और झांसी में 42.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम 19.5 डिग्री अयोध्या में पाया गया. फिर, बाराबंकी में 20, सुल्तानपुर में 20.3 और गोरखपुर में 20.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.