यूपी में अभी नहीं थमा बारिश का दौर, 6 जून तक बरसेंगे बादल, आंधी-तूफान का भी तांडव रहेगा जारी
प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके चलते प्रदेश में 6 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान 70 किलोमीटर की अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर की समाप्ति के बाद राज्य के तापमान में रिकॉर्ड इजाफा हो सकता है.
उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है. कभी आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश तो कभी भीषण लू की स्थिति देखी जा रही है. मंगलवार यानी 02 जून को भी प्रदेश के कई शहरों में दिन के वक्त चिलचिलाती धूप नजर आई. लेकिन शाम होते ही आंधी-तूफान की भी स्थिति देखी गई. कई इलाकों से पेड़ और खंभों के गिरने की खबरें आईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही.
6 जून तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके चलते प्रदेश में 6 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान 70 किलोमीटर की अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है. बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ सकती हैं. ऐसे स्थिति में आईएमडी ने लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है, ताकि जानमाल के नुकसान ने बचा जा सके.
6 जून के बाद तापमान में होगा इजाफा
6 जून को दूसरे पश्चिमी विक्षोभ की समाप्ति के बाद आंधी, बादल और बारिश का दौर थमेगा. इसके बाद गर्मी में फिर इजाफा होगा. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. बांदा जैसे जिले में यह 48 डिग्री तक पहुंच सकता है. इस बार नौतपा के दौरान भीषण गर्मी की स्थिति देखी गई. इस दौरान हीटवेव से परेशान मरीजों की संख्या अस्पतालों में तेजी से बढ़ी.
अधिकत तापमान में गिरावट देखी गई
बता दें कि पिछले कुछ दिनों के दौरान आंधी-पानी के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. इस दौरान अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट देखी गई. पिछले 24 घंटे के दौरान 42 डिग्री के साथ फतेहगढ़ सबसे गर्म शहर रहा. फिर, बस्ती में 41, वाराणसी में 39.8, ओरई में 39.4 और प्रयागराज में 39 डिग्री अधिकतम तापमान रहा.
अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो 20.5 डिग्री के साथ नजीबाबाद पहले स्थान पर रहा. फिर आगरा में 21.4, इटावा में 22, बाराबंकी में 22.6 और मुजफ्फरनगर में 23.4 अधिकतम तापमान रहा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की समाप्ति के बाद अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में रिकॉर्ड इजाफा हो सकता है.