UP में आंधी-बारिश का अलर्ट, फिर भी उमस भरी गर्मी से नहीं मिल रही राहत
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके बावजूद राज्य में तपिश भरी गर्मी बरकरार है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आगरा, मथुरा, रामपुर, अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे पश्चिमी यूपी के जिलों की गर्मी में इजाफा हो सकता है.
उत्तर प्रदेश में लगातार मौसम में तब्दीली देखी जा रही है. मौसम विभाग ने 06 जून तक प्रदेश में बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की स्थिति जारी की थी. लेकिन 03 जून को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी रिकॉर्ड की गई. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा हो सकता है. तापमान अपने रिकॉर्ड स्तर पर जा सकता है.
इन जिलों में बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आगरा, मथुरा, रामपुर, अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे पश्चिमी यूपी के जिलों की गर्मी में इजाफा हो सकता है. हालांकि, सेंट्रल यूपी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहने की संभावना है. इन इलाकों में बारिश और गरज के साथ 60 किलोमीटर से अधिक की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
06 जून तक प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है. यही वजह है कि 06 जून तक प्रदेश में बारिश के आसार है. लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही गर्मी फिर से अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर सकती है. इसके चलते अस्पतालों में हीटवेव के मरीजों में इजाफा हो सकता है.
तापमान में आई थी गिरावट
इस बार गर्मी के सीजन में बांदा लगातार सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री तक पहुंचा. हालांकि, बारिश के बाद यहां के पारे में जरूर 5 से 6 डिग्री की गिरावट आई. लेकिन अब फिर यहां और इसके आसपास के जिलों में पारे में इजाफा देखने को मिलेगा.
फतेहगढ़ रहा सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटे के दौरान 42 डिग्री के साथ फतेहगढ़ सबसे गर्म शहर रहा. फिर बस्ती में 41, लखीमपुर खीरी में 40.6, बांदा में 40.4 और फतेहपुर में 40.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 21 डिग्री के नजीबाबाद पहले स्थान पर रहा. फिर, हरदोई में 24, मुजफ्फरनगर में 24.2 और बाराबंकी में 25 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
