‘जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा, वे ही कर रहे राम मंदिर का विरोध’, बांदा में बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में 710 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें "कब्रिस्तान प्यारा" है, वही राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी धाम और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध कर रहे हैं.

बांदा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा में 710 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को ‘कब्रिस्तान प्यारा’ है, वही आज राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि नकारात्मक और विकास विरोधी सोच रखने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से खारिज करें. सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास पर खर्च कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारें जनता के पैसे का इस्तेमाल कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में करती थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल हिंदू परंपराओं और सनातन संस्कृति को लगातार निशाना बनाते रहे हैं.

‘पहले बुंदेलखंड पलायन और डकैतों की पहचान था’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले के बुंदेलखंड की स्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय यह क्षेत्र पिछड़ेपन, पलायन, पानी की कमी, डकैतों और भूमाफियाओं के आतंक से जूझ रहा था. किसान खेतों तक जाने से डरते थे और अपराधियों का बोलबाला था. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद बुंदेलखंड की तस्वीर बदल गई है… आज यहां बेहतर सड़कें, सिंचाई परियोजनाएं, पेयजल योजनाएं, मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और रक्षा गलियारे जैसी बड़ी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं.

ब्रह्मोस मिसाइल का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि या उद्योग का ही नहीं बल्कि रक्षा उत्पादन का भी बड़ा केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइल देश की सुरक्षा को नई मजबूती दे रही है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने बुंदेलखंड को डकैत दिए, जबकि भाजपा ने ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर दिया.

कानून-व्यवस्था पर भी विपक्ष को घेरा

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार गुंडागर्दी, दंगा और माफिया राज को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करती. उन्होंने कहा कि जो कानून का पालन करेगा, उसका सम्मान होगा और जो अपराध करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब व्यापारी, बेटियां और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि पहले अपराधियों का आतंक था.

जनप्रतिनिधियों पर भी की टिप्पणी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बांदा और बबेरू के जनप्रतिनिधियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बांदा के विधायक विकास कार्यों में रुचि लेते हैं, इसलिए वहां लगातार परियोजनाएं आ रही हैं. वहीं बबेरू के विधायक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी रुचि विकास में नहीं बल्कि गरीबों को प्रताड़ित करने में है. उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे प्रतिनिधि चुनने चाहिए जो विकास के लिए काम करें, न कि भूमाफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दें.

Follow Us