अब लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में चोरी से हड़कंप, सेवादार घंटा चुराते धराया; FIR दर्ज
लखनऊ के प्राचीन बुद्धेश्वर मंदिर में सेवादार द्वारा घंटा चोरी का मामला सामने आया है. इस घटना ने मंदिर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों की सतर्कता से पुलिस ने आरोपी सेवादार को गिरफ्तार कर चोरी का घंटा बरामद किया है. साथ ही मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है.
एक तरफ जहां अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर घमासान मचा है, इस बीच राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बुद्धेश्वर मंदिर में घंटा चोरी का मामला सामने आया है. आरोप है कि मंदिर में सेवा करने वाला एक सेवादार ही चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था. स्थानीय लोगों की सतर्कता के बाद पुलिस ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई है, जो बुद्धेश्वर मंदिर में सेवादार के तौर पर कार्य करता था. वह मंदिर की श्रृंगार आरती की व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर से पिछले कई दिनों से घंटे चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं. इसी बीच लोगों ने उसे कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया.
पारा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि आरोपी के कब्जे से मंदिर का चोरी हुआ घंटा भी बरामद किया गया. साथ ही आशंका जताई जा रही है कि पहले हुई घंटा चोरी की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता हो सकती है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी. स्थानीय लोगों ने मामले में पारा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने तहरीर के आधार पर बजरंग विहार, बुद्धेश्वर मोहन रोड निवासी गोलू उर्फ गौरव के खिलाफ चोरी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. इसके अलावा, तहरीर में सनी, विशाल, राकेश समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बुद्धेश्वर मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन के अधीन है.
CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले में बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
