18 से ज्यादा मुकदमे, एक लाख का इनामी… अमित कसाना गैंग का शूटर पवन उर्फ कल्लू एनकाउंटर में ढेर

आगरा में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश पवन उर्फ कल्लू को ढेर हो गया. पवन, अमित कसाना गैंग का सक्रीय शूटर था, उस पर हत्या, रंगदारी समेत 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. अमित कसाना गैंग के साथ इसने बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया, पश्चिमी यूपी में इसका आतंक चरम पर था.

अमित कसाना गिरोह का शूटर एनकाउंटर में ढेर

आगरा जिले में पुलिस ने शुक्रवार को एक लाख रुपये के इनामिया बदमाश को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यह शूटर पहले घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. अमित कसाना गैंग का सदस्य था और उस पर हत्या, रंगदारी समेत 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जिससे पश्चिमी यूपी में उसके आतंक का अंत हुआ.

मारे गए कुख्यात इनामिया बदमाश का नाम पवन उर्फ कल्लू, पुत्र संतराम था. वह गाजियाबाद के सिरौली थाना में लोनी का रहने वाला था. पुलिस और एसटीएफ की टीम के साथ बदमाश का आगरा के थाना एकता क्षेत्र में मुठभेड़ हुई थी. पवन उर्फ कल्लू कई मुकदमे में वांछित चल रहा था. 2021 में हत्या के मामले में इस पर एक लाख का इनाम भी घोषित था.

हत्या के चार, रंगदारी के दो सहित कुल 18 केस

यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस मुठभेड़ के दौरान पहले इनामिया बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तत्काल उपचार के एस एन मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया था, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बदमाश पवन उर्फ कल्लू को मृत घोषित कर दिया.

पवन आगरा के ताजगंज थाने में रंगदारी के मुकदमे में भी वांछित था. उस पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था. वह शासन द्वारा चिह्नित रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का शूटर है. इस पर हत्या के चार, रंगदारी के दो मुकदमों सहित कुल 18 से अधिक केस दर्ज थे. 2021 में हत्या के अभियोग में इस पर एक लाख का इनाम था, जिसमें ये दिल्ली से जेल गया था.

कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में भी था

जेल में रहने के दौरान ये हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आ गया था और 2025 जेल से छूटते ही बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगना प्रारम्भ कर दिया था. इस गैंग के साथ मिलकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था. पुलिस को इसके पास से काफ़ी संख्या में कारतूस और असलहे बरामद हुए है.