बच्ची की मौत के बाद जागी सरकार, ARTO-RI सस्पेंड; ड्राइवर गिरफ्तार… स्कूल बस हादसे में बड़ा एक्शन
अलीगढ़ बस हादसे में बच्ची की मौत के बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई की है. परिवहन मंत्री के हस्तक्षेप पर ARTO प्रवर्तन और पूर्व RI को निलंबित कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच में जर्जर बस को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने में लापरवाही सामने आई. परिवहन विभाग ने कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए हैं.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शनिवार को हुए बस हादसे में बच्ची की मौत के बाद आखिरकार सरकार जाग गई है. उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने ट्रांसपोर्ट कमिशनर से जवाब तलब किया तो परिवहन विभाग ने आनन फानन में एआरटीओ प्रवर्तन और पूर्व आरआई को सस्पेंड करते हुए आधा दर्जन अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है. उधर, डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद अलीगढ़ पुलिस ने स्कूल संचालक और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है.
घटना की जानकारी होने पर TV9UP ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी. इसके बाद परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एक्शन में आ गए थे. इस मामले में ट्रांसपोर्ट कमिशनर किंजल सिंह ने अलीगढ़ की आरटीओ प्रवर्तन वंदना और यहां पूर्व में आरआई रहे चंपालाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें मुख्यालय से अटैच कर दिया है. मामले की जांच में पाया गया है कि स्कूल बस जर्जर हालत में थी, बावजूद इसके तत्कालीन आरआई चंपालाल ने फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया था. वहीं एआरटीओ प्रवर्तन की जिम्मेदारी बस की जांच करने की थी, लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई.
4 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
ट्रांसपोर्ट कमिशनर किंजल सिंह ने एआरटीओ प्रवर्तन और आरआई को सस्पेंड करने के साथ ही चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इन अधिकारियों में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आगरा, एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) अलीगढ़, एआरटीओ कासगंज एवं अलीगढ़ के यात्रीकर अधिकारी शामिल हैं. इन्हें तीन दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण दाखिल करने को कहा गया है. उधर, अलीगढ़ के एआरटीओ प्रवेश कुमार ने पुलिस में तहरीर दी है कि बस अनफिट थी, बावजूद इसके, बस में स्कूली बच्चों को ढोया जा रहा है. पुलिस ने इस तहरीर को मामले की जांच में शामिल कर लिया है.
एक्शन में अलीगढ़ पुलिस
घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने बस ड्राइवर को पकड़ लिया था. इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट भी कर लिया था. इतने में मामले की जानकारी होने पर डीआईजी ने रिपोर्ट तलब कर ली. DSP संजीव तोमर के मुताबिक बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर स्कूल प्रबंधक और ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. इसी क्रम में ड्राइवर को अरेस्ट कर जेल भेजा गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह है मामला
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़-कासगंज सीमा के पास 28 फरवरी 2026 को चलते स्कूल बस का फर्श टूट गया था. इस हादसे में बस में सवार एक बच्ची सड़क पर गिर गई और उसके ऊपर बस का पिछला पहिया चढ़ गया था. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी. यह बस माउंट देवा इंटरनेशनल स्कूल की थी. हादसे के वक्त बच्चे के भाई ने शोर मचाकर बस को रूकवाया. इसके बाद ड्राइवर बच्ची के शव को उठाकर गंगीरी चौराहे पर लाया और परिजनों को सौंप दिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर को पकड़ कर बुरी तरह पिटाई की थी और बाद में पुलिस को सौंप दिया था.
