12 दिन में खंगाली 100 CCTV, 150 लोगों से पूछताछ; पुलिस ने ऐसे सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक 55 वर्षीय महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. रेप का विरोध करने पर आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने 12 दिन में 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाली और 150 लोगों से पूछताछ कर अपराधी को गिरफ्तार किया. आरोपी राजेश पुराना अपराधी है और शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया.
उत्तर प्रदेश के बागपत में 12 फरवरी को हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है. यह वारदात रेप के प्रयास का विरोध करने पर अंजाम दी गई थी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. अगले दिन सुबह महिला का निर्वस्त्र शव मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने अब आरोपी को अरेस्ट किया है. जरूरी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
मामला बागपत नगर कोतवाली क्षेत्र में सूरजपुर मेहनवा गांव का है. पुलिस के मुताबिक 12 फरवरी को यहां 55 वर्षीय महिला का निर्वस्त्र शव मिला था. इस महिला की हत्या गला घोंटकर की गई थी.सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. चूंकि घटना स्थल पर आरोपी ने कोई सुराग नहीं छोड़ा था, इसलिए पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया. इन टीमों ने घटना स्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की. इस दौरान मिले इनपुट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
शराब के नशे में दी वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी राजेश के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में था. इसी दौरान महिला को अकेले आते हुए देखा. इस दौरान आरोपी ने उसे दबोच लिया और रेप करने की कोशिश की, लेकिन महिला शोर मचाने लगी. ऐसे में उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था. बागपत एसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक आरोपी का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है.
पुराना अपराधी है आरोपी
बागपत एसपी के मुताबिक आरोपी राजेश पुराना अपराधी है. पूर्व में पत्नी से विवाद के चलते दिल्ली में वह जेल भी जा चुका है. उन्होंने बताया कि अब पुलिस इस आरोपी का पूरा आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया था. उन्होंने बताया कि इस प्रकार यह ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाया जा सका है.