पिकअप से टकराई डेडबॉडी लेकर जा रही एंबुलेंस, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बिछ गई लाशें; 5 लोगों की मौके पर मौत
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ. जयपुर से डेडबॉडी ले जा रही एक एंबुलेंस पिकअप से टकरा गई, जिसमें एंबुलेंस चालक समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार की अलसुबह बड़ा हादसा हुआ. इस हादसे में जयपुर से डेड बॉडी लेकर आ रही एक एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप से टकरा गई. इस हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं एंबुलेंस चालक समेत अंदर बैठे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चीख पुकार मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसा बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में 53वें किलोमीटर पर हुआ. पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी. जैसे ही एंबुलेंस सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास एक्सप्रेसवे पर 53वें किलोमीटर के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार पिकअप से टकरा गई. इस हादसे में एंबुलेंस के दोनों ड्राइवर और अंदर बैठे तीन लोगों की मौत हो गई.
सगे भाइयों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस में अजीजुल हक पुत्र फजर अली का शव रखा था. उनकी मौत जयपुर में हुई थी. उनके शव को लेकर उनके परिवार के ही तीन सदस्य पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैत्रिक गांव ले जा रहे थे. इनमें दो मृतकों की पहचान रफीकुल हक और अमीनुल हक के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई है. जबकि तीसरे मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है. इसी प्रकार दोनों अन्य मृतकों की पहचान एंबुलेंस के ड्राइवर जयपुर के रहने वाले मकबूल खान (62) और आलम के रूप में हुई है.
सड़क पर बिछ गई लाशें
सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडीडा की टीम मौके पर पहुंची. इस टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस में रखी डेड बॉडी और इस हादसे में मारे गए सभी लोगों को बाहर निकाला. इससे सड़क पर लाशें ही लाशें बिछ गईं. पुलिस ने तुरंत सभी लाशों को दूसरी एंबुलेंस में रखकर हैदरगढ़ सीएचसी पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने सभी मृत घोषित कर दिया. अब पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.