‘बहुत मन है, प्लीज आओ ना…’, ब्रेकअप के बाद एक्स ने बुलाया, फिर कर दिया कत्ल; ये है वजह

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गर्लफ्रेंड ने अपने पूर्व प्रेमी को ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मौत के घाट उतार दिया. ब्रेकअप के बाद अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल कर रहे युवक को मिलने के बहाने बुलाया गया और भाई-भाभी की मदद से उसका कत्ल कर दिया गया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है.

बलिया में बॉयफ्रेंड के मर्डर का खुलासा

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक गर्लफ्रेंड ने अपने सिरफिरे आशिक को मिलने के बहाने बुलाया और बड़ी बेरहमी से कत्ल कर दिया. यह वारदात बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र में 10 फरवरी का है, लेकिन पुलिस ने आरोपी गर्लफ्रेंड और उसके भाई भाभी को अरेस्ट करते हुए अब मामले का खुलासा किया है. इसी के साथ पुलिस ने वारदात की हैरतंगेज वजह का भी खुलासा किया है.

पुलिस के मुताबिक बीते 10 फरवरी को रसड़ा थाना क्षेत्र के लोहटा गांव में एक युवक का शव मिला था. शव पर तेजाब डाला गया था. खासतौर पर चेहरे को तेजाब से इस कदर जलाया गया था कि पहचान ना हो सके. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शव की पहचान कराई. पता चला कि मृतक आजमगढ़ का रहने वाले पंकज गुप्ता था. इसके बाद पुलिस ने पंकज के कनेक्शन ढूंढने शुरू किए तो पता चला कि कुछ समय पहले उसका यहां रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध था.

लड़की ने कर लिया था ब्रेकअप

पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों युवती की शादी तय हो गई तो युवती ने पंकज से ब्रेकअप कर लिया था. इसकी जानकारी पंकज को हुई तो उसने पहले युवती की शादी तुड़वानी चाही. इसके बाद भी युवती की शादी हो गई तो पंकज लड़की को अश्लील तस्वीरों के दम पर ब्लैकमेल करने लगा. इससे लड़की ने परेशान होकर अपने भाई और भाई को बताया और फिर तीनों ने मिलकर खौफनाक साजिश रच डाली.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक लड़की के किसी परिचित की 5 फरवरी को शादी थी. इसी शादी में मिलने के बहाने लड़की ने पंकज को फोन कर बुलाया. पंकज भी लड़की के बुलाने पर खुश हो गया और चला आया. यहां आने पर साजिश के तहत लड़की ने अपने भाई और भाभी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद पकड़े जाने का डर था, इसलिए आरोपियों ने इनर्वटर में डालने वाले तेजाब से पंकज का चेहरा बुरी तरह से झुलस दिया.

पुलिस ने किया खुलासा

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एसपी बलिया ओमबीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर वारदात का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पंकज गुप्ता के पास लड़की की कुछ अश्लील तस्वीरें थीं. इन्हीं तस्वीरों के दम पर वह लड़की को ब्लैकमेल कर रहा था. वह चाह रहा था कि लड़की अपने पति को छोड़ कर उसके पास आ जाए. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 5 नामजद आरोपियों में से 3 को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि इस वारदात में शामिल 2 आरोपी अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश कराई जा रही है.