40 रुपये चोरी का इल्जाम, पिता से पिटवाया भी; गुस्से में बच्चे ने लिया महिला से खौफनाक इंतकाम

उत्तर प्रदेश के इटावा में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, 25 दिन पहले 40 रुपये की चोरी के झूठे आरोप में पिता से पिटवाने का बदला लेने के लिए एक नाबालिग ने इस वारदात को अंजाम दिया. नाबालिग ने बुजुर्ग महिला को धक्का देकर गिराया, गला दबाया और फिर ईंट से कुचलकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

इटावा में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा

उत्तर प्रदेश के इटावा में नौ दिन पहले हुए 80 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या का खौफनाक खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक 25 दिन पहले शुरू हुई 40 रुपये की रंजिश में ने यह वारदात एक नाबालिग ने अंजाम दिया है. पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वो ईंट भी बरामद कर लिया है, जिससे आरोपी ने बुजुर्ग महिला को कूंच दिया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यह वारदात इटावा के सिंघावली गांव का है. इस गांव में रहने वाले दिव्यांग सूरतराम राजपूत और उनकी पत्नी राममूर्ति देवी परचून की दुकान करते हैं. 25 दिन पहले इनकी दुकान पर एक 15 वर्षीय नाबालिग गुटखा लेने आया था. उस समय सूरतराम राजपूत दुकान पर मौजूद थे. उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग ने गल्ले में से 40 रुपये चुरा लिए हैं. इस संबंध में उनकी पत्नी राममूर्ति ने नाबालिग के पिता से शिकायत कर दी. इसकी वजह से घर में नाबालिग की पिटाई भी हुई थी.

बदले की भावना से की वारदात

सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने बताया कि चूंकि उसने पैसे नहीं चुराए थे, बावजूद इसके बुजुर्ग महिला ने उसे पिटवाया. इससे उसके मन में बदले की भावना बैठ गई और वह मौके की तलाश करने लगा. इसी दौरान 19 नवंबर की दोपहर उसने खेत के रास्ते में बुजुर्ग महिला को देखा तो धक्का मारकर पहले उन्हें गिराया और फिर पीठ पर बैठकर गला दबाने लगा. इतने के बाद भी महिला की सांसे नहीं थमी तो आरोपी ने पास में पड़े ईंट के टुकड़े उठा लिए और उससे कुचलकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी.

अगले दिन मिला महिला का शव

महिला की मौत के बाद आरोपी चुपचाप घर आ गया. इधर, देर शाम तक महिला घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई. हालांकि अगले दिन सुबह महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला. इसके बाद महिला के बेटे देवेंद्र कुमार ने पुलिस में शिकायत दी. इस दौरान पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की तो पता चला कि 25 दिन पहले 40 रुपये चोरी को लेकर नाबालिग से लड़ाई हुई थी. इसके बाद पुलिस ने नाबालिग का रिकार्ड खंगाला तो पता चला कि वह नशे का आदी है. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान आरोपी ने वारदात कबूल लिया.

Follow Us