ग्रेटर नोएडा में नेशनल प्लेयर पर जानलेवा हमला, कार को मारी टक्कर, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग
ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय शूटर शिवम ठाकुर पर जानलेवा हमला हुआ. अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी का काफी देर तक पीछा किया, इस दौरान उनकी कार को टक्कर मारी और उनपर फायरिंग की गई. शिवम ने इसे सोची-समझी साजिश बताया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
ग्रेटर नोएडा से बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. देश के लिए 30 से अधिक पदक जीत चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम ठाकुर पर अज्ञात हमलावरो ने जानलेवा हमला कर दिया. पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारी फिर फायरिंग कर मौके फरार हो गए. इस घटना के बाद खिलाड़ी और उनके परिवार दहशत में हैं.
पीड़ित खिलाड़ी शिवम ठाकुर ने बताया कि यह घटना 4 फरवरी देर शाम की है, जब वह अपने एक मित्र के घर से लौट रहे थे. इस दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में कुछ अज्ञात लोग ने उनकी कार को पीछे से तेज टक्कर मार दी. टक्कर के बाद जब शिवम ठाकुर ने खुद को संभाला और वह गाड़ी से बाहर निकले तो उनपर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई.
सोची-समझी साजिश के तहत हमला होने का आरोप
शिवम ठाकुर का कहना है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची समझी शाजिश के तहत किया गया है. हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनका इरादा उन्हें जान से करने का था. हालांकि किसी तरह वह अपनी जान बचाने में सफल रहे. इसके बाद उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है.
पीड़ित खिलाड़ी ने प्रशासन को दिए गए शिकायत पत्र में कहा है कि वह और उनके परिवार अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, क्योंकि शिवम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है. उन्होंने कहा कि यदि हमले में उनकी जान चली जाती है तो उनके माता-पिता का कौन ख्याल रखेगा? शिवम ठाकुर ने हमले के पीछे आपराधिक हमलावरों की आशंका जताई है.
आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस
पीड़ित ने गुरुवार को एसीपी से मिलकर मामले की लिखित शिकायत की और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, इस पूरे मामले में एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगली जा रही है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा.
