ग्रेटर नोएडा: दहेज में फ्लैट की डिमांड, न देने पर गर्भवती पत्नी का गला घोंटा; पति, सास-ससुर समेत 6 पर FIR
ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. शादी में लाखों खर्च के बावजूद, पति ने फ्लैट की मांग की. मांग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत 6 लोगों पर केस दर्ज किया है.
ग्रेटर नोएडा से दहेज हत्या का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. दहेज में फ्लैट की डिमांड पूरी न होने पर पति और उसके परिवार के लोगों ने गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी पति ने परिवार के साथ मिलकर गर्भवती विवाहिता को प्रताड़ित किया और गला घोट कर हत्या कर दी. पुलिस ने पति समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है.
मामला ग्रेटर नोएडा की जारचा थाना का है. नोएडा के गीजोहड़ गांव निवासी दीपचंद की बेटी शिवानी की शादी 6 मार्च 2025 को जारचा थाना क्षेत्र के एनटीपीसी निवासी लोकेश से की थी. शादी में उन्होंने एक कार, पांच लाख रुपये नगद, 25 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और कई कीमती सामान दिए थे. लेकिन इसके शिवानी को ससुराल वाले दहेज से सन्तुष्ट नहीं थे.
मौत से एक दिन मां को फोन कर की थी शिकायत
पीड़ित पिता ने बताया कि शादी में करीब 50 लाख रुपया खर्च हुआ था. इसके बावजूद भी ससुराल पक्ष के लोग सन्तुष्ट नहीं हुए, शादी के कुछ समय बाद ही शिवानी को फ्लैट दिलाने के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा, जिसको लेकर कई बार परिवार के लोगों ने समझाने के प्रयास भी किया, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ और आज उनका बेटी नहीं रही.
31 जनवरी 2026 को शिवानी ने अपनी मां को फोन कर बताया कि उसका पति लोकेश, सुसर गोपाल, सास सावित्री, जेठ उमेश और जेठानी पिंकी दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं. मां ने बेटी को दिलासा दिया है और कहा कि उसके पिता अगले दिन बात करने आएंगे तुम फिक्र ना करो. इसके बाद अचानक 1 फरवरी को फोन आया कि शिवानी की तबीयत खराब है.
फांसी लगाकर आत्महत्या की- ससुराल पक्ष का दावा
शिवानी के घर फोन कर बताया गया कि बेटी को एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया है. सूचना मिलते ही पिता और परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन देखा कि शिवानी की मौत हो चुकी थी. पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की गला घोटकर हत्या की गई है. उसके शरीर पर चोट के निशान थे और हाथ के अंगूठे पर नीली स्याही के निशान भी पाए गए.
जारचा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक को अस्पताल उसका जेठ लेकर पहुंचा था, जिसने दावा किया कि शिवानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. हालांकि परिजनों के गंभीर आरोपो के बाद पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले की जांच जारी है.