‘मेरी मर्जी से हुआ…’ पहले दर्ज कराया रेप केस, FIR होते ही लड़की ने क्यों बदला बयान; जारी किया वीडियो

उत्तर प्रदेश के जालौन में रेप के एक मामले ने नाटकीय मोड़ ले लिया है. पहले बीए की छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया, लेकिन बाद में एक वायरल वीडियो में उसने कहा कि जो कुछ हुआ, वह उसकी सहमति से था और उस पर परिवार का दबाव था. पुलिस अब छात्रा की उम्र और वीडियो की सत्यता की जांच करते हुए मामले की नए सिरे से पड़ताल कर रही है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में एक बीए की छात्रा के साथ रेप के मामले में नाटकीय मोड़ आ गया है. पहले इस छात्रा ने परिजनों के साथ थाने में आकर एक युवक के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया, फिर घर जाने के बाद इस छात्रा ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया. इसमें छात्रा ने कहा कि उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई, बल्कि जो कुछ हुआ, उसमें उसकी सहमति थी. मामला बुंदेलखंड में जालौन के उरई कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

जालौन के एडिशनल एसपी प्रदीप कुमार वर्मा के मुताबिक दो दिन पहले जालौन में उरई कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली लड़की अपने परिजनों के साथ थाने आई थी. बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली इस लड़की ने आरोप लगाया कि 4 फरवरी को वह लाइब्रेरी गई थी. उसी समय आरोपी सचिन कुमार ने उसे फोन किया और कोचिंग दिलाने के बहाने बाइक पर बैठाकर बस स्टैंड के पास एक सूने मकान में ले गया. जहां आरोपी ने उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और वह बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया.

लड़की ने युवक को दिया क्लीनचिट

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसका मेडिकल कराया है. अब पुलिस लड़की का कोर्ट में बयान कराने की तैयारी कर ही रही थी कि लड़की का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. इस वीडियो में लड़की साफ तौर पर कह रही है कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ, बल्कि जो कुछ भी हुआ, उसमें उसकी सहमति थी. यही नहीं, उसने अपने वीडियो में अपने परिजनों पर दबाव बनाकर मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया. पुलिस इस वीडियो की जांच कर ही रही थी कि लड़की का दूसरा वीडियो भी सामने आ गया. इसमें लड़की खुद को बालिग बताते हुए आरोपी युवक को क्लीनचिट दे रही है.

नए सिरे से मामले की जांच में जुटी पुलिस

इन दोनों वीडियो पर संज्ञान लेकर जालौन पुलिस अब नए सिरे से मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक लड़की की उम्र संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है. इसके अलावा लड़की के वीडियो की भी जांच कराई जा रही है. पुलिस के मुताबिक मामले में नया ट्वीस्ट आने के बाद हर संभावित एंगल से मामले को देखा जा रहा है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई होगी.