होली के रंग की जगह चले लाठी डंडे, नोएडा की इस सोसाइटी में गार्ड्स ने निवासियों की लाठी-डंडे से की पिटाई

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में होली के जश्न और डांस को लेकर बवाल मच गया. सोसाइटी के गार्ड और निवासियों के बीच इसको लेकर मारपीट हो गई. इससे सोसाइटी के लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में मारपीट

होली के मौके पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में जमकर बवाल मचा. यहां के सेक्यूरिटी गार्ड्स पर सोसायटी में रहने वाले लोगों को लाठी-डंडों से पीटने की घटना सामने आई है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, सोसाइटी में रहने वाले कई परिवारों ने जब बच्चों के साथ ओपन एरिया में रंग खेलने और जश्न मनाने की शुरुआत की, तो वहां तैनान सेक्यूरिटी गार्ड उन्हें रोकने लगे. निवासियों का आरोप है कि गार्ड्स ने डांस और जश्न मनाने पर आपत्ति जताई. इससे गार्ड्स और सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच बहस शुरू हो गई.

मारपीट में बदली तीखी बहस

निवासियों और सेक्यूरिटी गार्ड्स के बीच बहस कुछ ही देर में तीखी नोक-झोंक में बदल गई. इस दौरान न तीन से चार सुरक्षा गार्ड्स ने एक निवासी के साथ धक्का-मुक्की कर दी. निवासियों ने आरोप लगाया कि गार्ड ने उस निवासी की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी. इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित निवासी

मारपीट के दौरान फ्लैट के किसी निवासी ने इसका वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में रहने वाले निवासी अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं. गार्ड्स द्वारा यहां के रहने वाले निवासी की लाठी-डंडे से पिटाई से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है. दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच की जा रही. पुलिस का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अब तक पुलिस के प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि ओपन एरिया में होली का जश्न मनाने और डांस करने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था.