लखनऊ: शादी का था माहौल, तभी 2 साल की मासूम से दुष्कर्म; हैवान को भीड़ ने पकड़ा
लखनऊ में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. शादी के माहौल में 2 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया गया, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. बच्ची के चीखने पर भीड़ ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस को सौंपा है. बच्ची की हालत गंभीर है, वह अस्पताल में भर्ती है.
राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र की यह भयावह घटना है. जहां शादी समारोह में शामिल होने आई केवल ढाई साल की मासूम बच्ची हैवानियत की शिकार बन गई. आरोपी ने नन्ही बच्ची को उठाकर घर की दूसरी मंजिल पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब बच्ची दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी तो उसे नीचे फेंकने की कोशिश भी की गई.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का परिवार रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने इटौंजा आया था. बच्ची की चीख सुनकर मौके पर मौजूद लोग दौड़े और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. घटना से शादी में खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया.
बच्ची को खिड़की से नीचे फेंकने की थी कोशिश
जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह के दौरान देर रात करीब 11 बजे बच्ची अचानक गायब हो गई. परिजनों ने जब तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद दूसरी मंजिल से बच्ची की दिल दहला देने वाली चीखें सुनाई दीं. दौड़कर ऊपर पहुंचे लोगों ने देखा कि पड़ोस में रहने वाला संदीप कुमार नाम का युवक बच्ची के साथ घिनौना कृत्य कर रहा था.
गुस्साए लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की. बाद में पुलिस को सौंप दिया गया. परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद आरोपी बच्ची को खिड़की से नीचे फेंककर हत्या करने की फिराक में था, लेकिन समय रहते लोग पहुंच गए और बच्ची की जान बच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई.
परिवार वाले सदमे में, फांसी की सजा की मांग
अपर पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) गोपीनाथ सोनी ने बताया, ‘इटौंजा थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा जा रहा है. बच्ची का मेडिकल कराया गया है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है.’ बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
शादी का खुशी का माहौल एक पल में मातम में बदल गया. परिवार वाले सदमे में हैं और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन पूछताछ जारी है. मामले में भादंवी की धारा 376, पॉक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराएं लगाई गई हैं.
