लखनऊ में बिरयानी शॉप के फ्रिजर में शव मिलने से हड़कंप, 4 दिन से बंद थी दुकान
लखनऊ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बंद पड़ी एक बिरयानी दुकान के फ्रीजर में शव मिलने से सनसनी फैल गई. दुकान चार दिन से बंद था, मालिक ने जैसी ही देखा पुलिस को सूचना दी. डीसीपी नार्थ ने बताया कि बाहरी चोट के निशान नहीं हैं, आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
लखनऊ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बंद पड़ी एक बिरयानी दुकान के फ्रीजर में शव मिलने से हड़कंप मच गया. दुकान चार दिन से बंद था, दुकान मालिक ने आज शव देखा तो पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. डीसीपी नार्थ ने बताया कि शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं हैं.
डीसीपी नार्थ, गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि जांच एवं शव परीक्षण की कार्यवाही के दौरान मृतक की जेब से प्राप्त आधार कार्ड और सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रथम दृष्टया मृतक की शिनाख्त विजय पाल पुत्र डलई, उम्र लगभग 38 वर्ष, निवासी किशुनपुर, थाना बीकेटी, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है.
शव के पास से फोन और आईडी कार्ड बरामद
मामला बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र जीसीआरजी गेट के पास का है. यहां वेज बिरयानी की शॉप में शव मिलने हड़कंप मच गया. चार दिन बाद मालिक ने जैसे ही दुकान खोला, डीप फ्रिजर में शव देखने के बाद उसके होश उड़ा गए. यह एक टेम्प्रेरी शॉप है, फ्रीजर भी डिस्कनेक्ट है. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच शुरू कर दी है.
भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है, डीसीपी नार्थ गोपाल कृष्ण चौधरी भी पहुंचे हुए हैं. फ्रीजर में मिले शव के पास से एक फोन और आईडी कार्ड बरामद हुआ. कोई जाहिराना चोट नहीं दिख रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है. मृतक के परिवार वालों से संपर्क किया जा रहा है.
पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण साफ होगा
मौके पर पहुंचे डीसीपी नार्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि पता चल सके कि दुकान आखिरी बार कब खुली थी, विजय पाल वहां कब दाखिल हुआ. उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा.
