बेटी की बदनामी से था परेशान, पत्नी को मारकर बोला, बदमाशों ने हत्या की… CCTV ने कर दिया बेनकाब

मुरादाबाद के मलकदा गांव में नजरुद्दीन ने अपनी दूसरी पत्नी सहीमा की गला घोंटकर हत्या कर दी. बेटी की बदनामी की आशंका से परेशान होकर उसने ड्रोन और बदमाशों की झूठी कहानी गढ़ी. पुलिस जांच में सच्चाई सामने आई और उसे गिरफ्तार कर लिया गयाय पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने गला घोंटकर हत्या की पुष्टि की.

शव को ले जाते हुए लोग (वीडियो ग्रैब) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला इलाके के मलकदा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां नजरूद्दीन नाम के शख्स ने घरेलू विवाद के चलते अपनी दूसरी पत्नी सहीमा की गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या को छिपाने के लिए आरोपी ने ड्रोन और बदमाशों की झूठी कहानी गढ़ दी, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा सच सामने आ गया.

घटना देर रात करीब 1 बजे की है. नजरूद्दीन ने पुलिस को बताया कि चार बदमाश उसके घर में दाखिल हुए और उसकी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर भाग निकले. उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

मझोला पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल की गहन जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो कहीं भी किसी बाहरी शख्स के आने-जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला. पुलिस को पति पर शक हुआ और हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान नजरूद्दीन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

आरोपी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी से चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से कई की शादी हो चुकी है. छह साल पहले उसने बिहार के शिवहर जिले के चमनपुरा के रहने वाले मोहम्मद जुनेद की बेटी सहीमा से दूसरी शादी की थी. दूसरी पत्नी से उसका एक बेटा भी है.

अविवाहित बेटी को मारती थी ताने

मृतका सहीमा, नजरूद्दीन की पहली पत्नी से पैदा हुई अविवाहित बेटी को लेकर तरह-तरह की बातें कर रही थी, जिससे उसकी बदनामी हो रही थी. इसी बात से परेशान होकर उसने पहले से साजिश रची और ड्रोन और बदमाशों का बहाना बनाकर हत्या को अंजाम दे दिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है. मृतका की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और पति पर ही हत्या का आरोप लगाया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

Follow Us