नोएडा: वैलेंटाइन डे पर 15 साल पुराने प्यार का खौफनाक अंत, कार में मिला प्रेमी-प्रेमिका का शव
नोएडा में वैलेंटाइन डे पर एक दर्दनाक घटना सामने आई. सड़क किनारे खड़ी एक कार में प्रेमी-प्रेमिका के शव खून से लथपथ मिले. माना जा रहा है कि युवक ने प्रेमिका को गोली मारकर खुद आत्महत्या कर ली. दोनों के बीच 15 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका खौफनाक अंत हो गया.
नोएडा में वैलेंटाइन डे के दिन एक ऐसी घटना सामने आई जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया. एक युवक और युवती का शव कार के अंदर खून से लथपथ मिला. मौके से गुजर रहे सफाई कर्मी ने जब देखा तो वह भी दंग रह गया, उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने जगह को पूरी तरह से सील किया और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की.
शुरू की जांच में सामने आया की दोनों युवक और युवती एक दूसरे से परिचित थे. पिछले 15 सालों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था. इस प्रेम प्रसंग की शुरुआत स्कूल के टाइम से हुई थी. दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में खुश थे, एक दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे. माना जा रहा है कि इसकी के चलते दोनों ने जान दे दी.
कार में खून से लथपथ मिले शव, घर से थे लापता
मृतक युवक का नाम सुमित और युवती का नाम रेखा है. दोनों कल सुबह से घर से लापता थे. सुमित के परिजनों ने दिल्ली के त्रिलोकपुरी थाने में जबकि रेखा के परिवार ने नोएडा के सेक्टर 58 पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. रेखा सुबह घर से नौकरी के लिए निकली थी. वहीं मृतक सुमित न्यू अशोक नगर में घर के समीप पानी का प्लांट चलता था.
दोपहर करीब 12:00 के आसपास एक सफाई कर्मी वहां से गुजर रहा था उसने देखा की कार में दो शव पड़े हैं. गाड़ी अंदर से लॉक थी, दोनों खून से लथपथ अवस्था में अगली सीट पर पड़े हुए थे. इसके बाद सफाई कर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच पड़ताल शुरू की.
15 साल से साथ, स्कूलिंग भी एक साथ ही हुई थी
सुमित और रेखा एक दूसरे को करीब 15 साल से जानते थे दोनों की स्कूलिंग भी एक साथ ही हुई थी. रेखा का सुमित के घर पर आना-जाना था दोनों जल्द ही शादी करने वाले भी थे. सुमित के परिजन का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने लड़के को बहकाया और लड़की के मन में उसके प्रति काफी हद तक गलत भावनाएं पैदा की.
इसके बाद कल शाम दोपहर 3:39 पर सुमित ने लड़की के मोबाइल पर एक मैसेज भेजा था जिसमें लिखा कि वह सुसाइड करने जा रहा है. इसके बाद वह घर से शुक्रवार शाम करीब तीन बजे कार लेकर निकल गया था. रात तक वापस नहीं आने पर स्वजन ने उसे ढूंढने का प्रयास किया, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों के शव कार में मिले.
नोएडा में रेखा के लिए एक फ्लैट भी खरीदा था
सुमित के पिता राजीव दिल्ली एमसीडी में कार्यरत है. परिजनों ने बताया कि पिछले दिनों सुमित ने रेखा के लिए नोएडा में एक फ्लैट भी खरीदा था और दीपावली पर कार ली थी. जांच में सामने आया है कि सुमित वाल्मीकि समाज से था जबकि रेखा कायस्थ समाज से ताल्लुक रखती थी. यह जातीय संबंध युवती के परिजनों को स्वीकार नहीं था.