प्यार की सजा मौत… भाई ने घोंटा बहन का गला, फिर किया पुलिस को फोन; पिता बोले- बहुत बदनामी हो रही थी
उत्तर प्रदेश के संभल में एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है. प्रेम प्रसंग के चलते यहां एक भाई ने अपनी सगी बहन का गला घोंट कर मार दिया. हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि परिवार के सदस्यों को इस कृत्य का कोई पछतावा नहीं था, बल्कि वे इसे बदनामी से मुक्ति मान रहे थे.
उत्तर प्रदेश में भगवान कल्कि की नगरी संभल में एक खौफनाक वारदात हुई है. यहां एक युवक ने अपनी बहन का गला घोंट दिया. इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी भी दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया. घटना के बाद पुलिस ने परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ की. इस दौरान परिजनों के चेहरे पर कोई पछतावा नजर नहीं आया. बल्कि सभी ने कहा कि जो हुआ अच्छा हुआ. बहुत बदनामी हो रही थी.
मामला संभल के असमोली थाना क्षेत्र में मतवाली पट्टी जग्गू गांव का है. यहां गुरुवार की देर रात पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी. खुद हत्यारोपी ने फोन कर बताया कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है. वह इस समय शव के साथ अपने घर में ही मौजूद है. यह सुनकर पुलिस पहले तो हैरान रह गई. लगा कि कोई मसखरी कर रहा है, लेकिन आरोपी के दोबारा यही बात दोहराने पर कंट्रोल रूम से कॉल लोकल पुलिस को फारवर्ड किया. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया.
यह है मामला
पुलिस के मुताबिक मतवाली पट्टी जग्गू गांव के रहने वाले नोशे खां की 19 वर्षीय बेटी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवक दूसरे समाज का था. परिवार के लोगों ने लड़की को खूब समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी. इस संबंध में कई बार गांव में, यहां तक कि थाने में भी पंचायत हुई. बावजूद इसके, लड़की ने जिद नहीं छोड़ी तो आरोपी भाई ने खौफनाक फैसला कर लिया. उस समय परिवार के सभी लोग गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में गए थे. ऐसे में आरोपी ने मौका देखकर उसका गला घोंट दिया.
पुलिस के सामने कबूला वारदात
आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और पुलिस के सामने पूरी वारदात कबूल ली. मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार और थाना प्रभारी भारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शव के पास ही खड़ा मिला. पुलिस के आरोपी ने जिस तरह से वारदात को कबूल किया, उससे लग रहा था कि यह वारदात विधिवत सोच समझकर और मानसिक रूप से तैयार होकर अंजाम दिया गया है.
प्रेमी की मां ने दर्ज कराया केस
इस घटना के संबंध में लड़की के प्रेमी की मां ने पुलिस में तहरीर दी है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. प्रेमी की मां ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसके बेटे शिवम ने पिछले महीने आरोपी की बहन रूपजहां से शादी की थी. चूंकि लड़की के घर वाले विरोध में थे, इसलिए इस शादी को जाहिर नहीं किया गया था. सीओ कुलदीप कुमार के मुताबिक ऑनर किलिंग के इस मामले में की जांच शुरू कर दी गई है.
