शाहजहांपुर: अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर, विरोध के कारण बुलानी पड़ी आर्मी

शाहजहांपुर में रोडवेज के सामने आर्मी कैंट की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा. हालात इस कदर बिगड़ गए कि मौके पर आर्मी बुलानी पड़ गई. सेना ने कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जाधारियों को खदेड़ दिया. अवैध कब्जा करने वालों की पहचान की जा रही है.

सेना ने अवैध कब्जाधारियों को खदेड़ा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में अवैध कब्जे का अलग ही मामला देखने को मिला है. सेना की जमीन पर शहर के कुछ लोग अवैध तरीके से कब्जा जमाकर बैठे थे. इसे खाली कराने के लिये जब प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची तो हालात ऐसे बिगड़ गए कि सेना को मोर्चा संभालना पड़ा.

पुलिस से नहीं संभले हालात

लोकल प्रशासन और आर्मी कैंट इस जमीन को खाली कराने के लिए पहले भी कई बार चेतावनी भी दे चुके थे. इस संबंध में नोटिस भी जारी की गई थी, लेकिन अवैध कब्जाधारी मानने को तैयार नहीं थे. शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, पुलिस प्रशासन के साथ बुलडोजर लेकर जब अतिक्रमण हटाने पहुंचे, तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. माहौल इतना बिगड़ गया कि लोकल पुलिस ने अपने हाथ खड़े कर दिए. ऐसे में प्रशासन के लिए हालात को काबू में लाना मुश्किल हो गया.

सेना ने हटवाया अतिक्रमण

मामला बिगड़ता देख आर्मी कैंट प्रशासन ने सेना को मौके पर बुला लिया. जैसे ही सेना के जवान वहां पहुंचे, माहौल पूरी तरह बदल गया. जो लोग कुछ देर पहले माहौल खराब कर रहे थे, वे सब मौके से गायब हो गए. सेना की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शांतिपूर्वक ढंग से पूरी की गई. ये ज़मीन आर्मी कैंट की है और उस पर अवैध कब्जा करने वालों ने लंबे समय से अपना डेरा जमा रखा था. प्रशासन पहले से ही रोडवेज कैंपस के रिनोवेशन का काम कर रहा है. इस पूरी कार्यवाही के चलते एक बात साफ हो गई है कि सरकार सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ा एक्शन लेने का पूरा मन बना चुकी है.

Follow Us