कांग्रेस-सपा और बीजेपी की सोच बाबा साहब विरोधी… मायावती फिर बोलीं- नो अलायंस

2027 विधानसभा चुनाव को अलायंस में लड़ने के अफवाहों को मायावती ने मनगढ़ंत और फेक बताया है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपा, भाजपा की सोच बाबा साहब विरोधी है. बीएसपी से गठबंधन की सोच रखना इन दलों के लिए केवल वोटों का राजनीतिक स्वार्थ है.

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

यूपी विधानसभा चुनावों में अब साल भर से कम का समय बचा हुआ है. इसे देखते हुए बसपा प्रमुख मायावती भी सुपर एक्टिव हो चुकी हैं. उन्होंने बसपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव भी किए हैं. इस बीच आज यानी 18 फरवरी को मायावती मीडिया से मुखातिब हुईं. इस दौरान उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव को अकेले लड़ने के अपने ऐलान को फिर से दोहराया है.

गठबंधन की अफवाह मनगढ़ंत

मायावती ने कहा मीडिया जगत में अफवाह है कि बसपा 2027 का विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ सकती है. यह लोगों को गुमराह करने वाला फेक न्यूज है. बिल्कुल गलत, झूठ, हवा हवाई और मनगढ़ंत खबर है. मीडिया को इस प्रकार कटी पतंग की तरह उड़ान भर कर अपना मजाक उड़ाने से बचना चाहिए.

बीएसपी ने अकेले चुनाव लड़ने का किया था ऐलान

मायावती ने आगे कहा कि हमने लखनऊ में 9 अक्टूबर 2025 को आयोजित विशाल रैली में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था. ऐसे में गठबंधन की कोई संभावना ही नहीं है. हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों की बातों में आकर मीडिया और अन्य लोगों को घिनौनी साजिश में पड़कर अपना समय और इमेज नहीं बर्बाद करना चाहिए. अगर कोई ऐसा करता है तो इसे बीएसपी के खिलाफ हठकंडा माना जाएगा.

कांग्रेस, सपा, भाजपा की सोच संकीर्ण- मायावती

मायावती ने आगे कहा कि कांग्रेस, सपा, भाजपा की सोच संकीर्ण और बाबा साहब विरोधी है. बीएसपी से गठबंधन की सोच रखना इन दलों का वोटों के लिए राजनीतिक स्वार्थ है. इससे फायदे की जगह बीएसपी को नुकसान ही होता है. मायावती ने कहा कि हम 2027 का चुनाव अकेले लड़ने के लिए जीजान से जुटे हैं.

‘चुनाव नजदीक आने पर और बढ़ेगा षडयंत्र’

मायावती ने बसपा के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अन्य पार्टियों के ध्यान भटकाने की साजिशों पर ध्यान ना दें. हाथी की तरह मस्त चाल चलते रहें. 2029 में बीएसपी की पूर्ण बहुमत बनाएं. उन्होंने कहा चुनाव और नजदीक आएगा विरोधियों की तरफ से साम-दाम-दंड-भेद तमाम हठकंडे अपनाए जाएंगे. साथ ही बसपा को सत्ता से दूर रखने के षडयंत्र किए जाएंगे.