‘रामलीला में असलहा लहराने वालों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा’, बोले CM योगी
गाजीपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब दंगा और माफियागिरी की कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों में असलहा लहराकर माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सीएम ने सपा पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कानून-व्यवस्था, माफिया, राष्ट्रवाद, विकास और विपक्ष की राजनीति को लेकर कई तीखे बयान दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब दंगा और माफियागिरी की कोई जगह नहीं है, अगर कोई रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन में असलहा लहराकर दंगा करने की कोशिश करेगा तो उसे ‘मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा.’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों और माफियाओं पर लगातार कार्रवाई की गई है और यही वजह है कि आज प्रदेश का माहौल पूरी तरह बदल चुका है. इस दौरान सीएम ने गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनका लाभ गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानिया, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा.
‘रामलीला में असलहा लहराने वालों का यही अंजाम होगा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले धार्मिक आयोजनों में अपराधी हथियार लहराकर माहौल खराब करते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है. उन्होंने कहा कि आज गरीब का बेटा भी रामलीला का आयोजन करता है और कोई असलहा लेकर दंगा करने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि उसे पता है कि कानून से बचना संभव नहीं है, ऐसे लोगों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा.
सपा पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में माफियाओं को संरक्षण मिलता था. उन्होंने कहा कि सपा के लोग माफियाओं के सामने नाक रगड़ते थे, उनकी कब्रों पर फातिहा पढ़ने जाते थे और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने माफियाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की और प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने का अभियान चलाया. सीएम ने कहा कि जो लोग माफिया को संरक्षण देंगे, उनकी दुर्गति तय है.
‘देख सपाई, बिटिया घबराई’
महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज है. उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ केवल नारा नहीं बल्कि पिछली सरकारों की वास्तविकता थी. उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे लोगों से सावधान रहें जिनके शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी.
सालार मसूद और महाराजा सुहेलदेव का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में इतिहास का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राष्ट्रनायकों की उपेक्षा कर विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी का महिमामंडन किया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महाराजा सुहेलदेव को सम्मान दिलाने का काम किया. बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनाया गया, मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया और उनके नाम पर ट्रेन तथा डाक टिकट जारी किए गए.
‘लहुरी काशी में माफिया शोभा नहीं देते’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर को ‘लहुरी काशी’ बताते हुए कहा कि यह महर्षि जमदग्नि, भगवान परशुराम और पौहारी बाबा की पवित्र भूमि है. उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले क्षेत्र में माफियाओं का पनपना कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता. माफिया गरीबों का शोषण करते हैं, व्यापारियों को डराते हैं और बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं.