सावधान उत्तराखंड! अगले 2 दिनों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में आ सकती है तबाही

उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तराखंड में आफत की बारिश होने की आशंका है. अगले दो दिनों में राज्य के आधा दर्जन जिलों में मानसून तबाही ला सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के देहरादून केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है.

मौसम विभाग के मुताबिक बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है. वहीं, सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछेक स्थानों पर भूस्खलन की भी आशंका है.

इन जिलों में बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में आज 9 अगस्त को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है. आईएमडी के मुताबिक आज देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत आदि जिलों में बिजली गिरने का खतरा है. इसके अलावा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है. मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों में लोगों को खुले में या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है.

सोमवार को इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत के अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर आदि जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है. इन सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की इस चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों और विभागों को सतर्क रहने को कहा है.

Follow Us