Uttarakhand SIR: कल तक जमा होंगे दावे-आपत्तियां, बड़ी संख्या में बढ़े नए वोटर
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत दावे और आपत्तियां जमा करने की अंतिम तिथि कल है. निर्वाचन विभाग के अनुसार, 13 अगस्त के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होंगे. इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में नए वोटर जुड़े हैं, खासकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. हालांकि, मैदानी जिलों से आपत्तियां अधिक मिली हैं, जिनकी जांच जारी है.
उत्तराखंड में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियों के लिए कल आखिरी तारीख है. निर्वाचन विभाग के मुताबिक 13 अगस्त के बाद दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं होंगी. वहीं 13 अगस्त तक आने वाले दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी. बता दें कि एसआईआर के ड्राफ्ट में बड़े पैमाने पर विसंगतियां मिली हैं.
इन विसंगतियों पर सुनवाई और करेक्शन का काम लगातार जारी है. इसी क्रम में नए वोट बनाने, वोट कटवाने या मतदाता सूची में संशोधन कराने की कवायद भी जारी है. निर्वाचन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे प्रदेश भर से अब तक 70 हजार से अधिक आपत्तियां मिली है. इन सभी आपत्तियों की डिटेल दस्तावेजों के साथ वेरिफाई किया जा रहा है. उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक दावे और आपत्तियों को जमा कराने के लिए अब केवल कल भर का समय शेष है.
SIR के दौरान ही बन जाएंगे नए वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 13 अगस्त तक जमा होने वाले फार्म छह से नए वोट बनाने का काम लगातार जारी है. ये वोट एसआईआर के दौरान ही बन जाएंगे. एसआईआर के फाइनल लिस्ट में ये सभी नाम शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि प्रदेश के यूथ में वोट बनवाने की होड़ मची है. अब तक बड़ी संख्या में नए वोटर मतदाता सूची में शामिल हो चुके हैं. वहीं बड़ी संख्या में आवेदनों को सूची में शामिल करने का काम चल रहा है.
मैदानी जिलों में ज्यादा आपत्तियां
एसआईआर के ड्राफ्ट में सबसे ज्यादा गड़बड़ी मैदानी जिलों में देखने को मिल रही है. खासकर ऊधमसिंह नगर की जसपुर, काशीपुर जैसी कई विधानसभाओं में बड़ी संख्या में आपत्तियां आई हैं. इन सभी आपत्तियों को गुणदोष के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है. इसके लिए संबंधित नोटिस जारी कर संबंधित दस्तावेज जमा करने को कहा गया है. वहीं एक ही व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्ति मिलने की दशा में उस व्यक्ति की जांच कराई जा रही है.