आगरा: मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा टला, जमीन धंसने से बियर शॉप पर गिरी क्रेन

आगरा में मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा टल गया. प्रतापपुरा क्षेत्र में जमीन धंसने से एक भारी-भरकम क्रेन का संतुलन बिगड़ गया. क्रेन की शाफ्ट पास की बियर शॉप की छत पर जा गिरी. कमरे को भारी नुकसान हुआ, घटना से इलाके में दहशत फैल गई. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.

आगरा मेट्रो हादसा Image Credit:

ताजनगरी के प्रतापपुरा क्षेत्र में शनिवार को मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. निर्माण कार्य में लगी एक भारी-भरकम क्रेन अचानक जमीन धंसने के कारण असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. क्रेन की शाफ्ट पास की बियर शॉप की छत पर जा गिरी, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए.

यह घटना थाना सदर अंतर्गत प्रसिद्ध देवी राम स्वीट्स के पास की है. यहां मेट्रो टनल या पिलर से संबंधित कार्य चल रहा था, तभी अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया. जमीन धंसते ही वहां खड़ी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और उसकी शाफ्ट (लोहे का भारी हिस्सा) अनियंत्रित होकर एक बियर शॉप की छत पर बने छोटे कमरे पर जा गिरी.

राहगिरों और दुकानदारों में मची अफरा-तफरी

क्रेन की भारी शाफ्ट गिरने से बियर शॉप की छत पर बना कमरा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया. लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई. जिस समय यह हादसा हुआ, उस कमरे में या उसके आसपास कोई मौजूद नहीं था. हालांकि, अचानक क्रेन को गिरता देख आसपास के राहगिरों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई.

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए. एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. प्रशासन और निर्माण एजेंसी द्वारा क्रेन को हटाने का कार्य शुरू किया जा रहा है. प्रशासन और संबंधित एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि जमीन धंसने का मुख्य कारण क्या था?

सुरक्षा मानकों में कोई चूक तो नहीं हुई?

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही पता लगाया जा रहा है कि क्या सुरक्षा मानकों में कोई चूक तो नहीं हुई है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और निर्माण स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पीएम मोदी ने 6 मार्च 2024 को आगरा मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन किया था. आगरा मेट्रो परियोजना के तहत कुल 29.65 किमी लंबे दो कॉरिडोर प्रस्तावित हैं.