आगरा में पेड़ से टकराई भक्तों की बोलेरो, बच्ची समेत पांच की मौत; नवरात्र के पहले दिन बड़ा हादसा

माता कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी आगरा में एक पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में एक मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

आगरा हादसे में क्षतिग्रस्त बोलेरो

उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार की रात बड़ा हादसा हुआ. राजस्थान के करौली में विराजमान माता कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में एक मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से चार घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वहीं कुछ लोगों को स्थानीय अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है. यह हादसा आगरा के चित्राहाट थाना क्षेत्र में इटावा मार्ग पर रात में करीब साढ़े बजे का है.

जानकारी के मुताबिक इटावा से श्रद्धालुओं का एक दल बोलेरो गाड़ी में सवार होकर नवरात्र के पहले दिन राजस्थान के करौली में विराजमान माता कैला देवी के दर्शन के लिए गया था. इस दल ने गुरुवार की शाम को माता को दर्शन किए और फिर अपनी गाड़ी में सवार होकर वापस लौट रहे थे. जैसे ही इनकी गाड़ी आगरा में इटावा रोड पर पहुंची, अचानक से ड्राइवर का गाड़ी पर नियंत्रण छूट गया और देखते ही देखते सड़क किनारे खड़े पेड़ से टक्कर हो गई.

गाड़ी में बुरी तरह थे फंसे थे शव और घायल

इस भीषण हादसे में बोलेरो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इनमें एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है. मृतकों में 3 पुरूष और एक महिला भी हैं. वहीं करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. इनमें 4 लोगों की हालत नाजुक है. यह टक्कर इतना तेज था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. आवाज सुनकर ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित करने के साथ बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने बड़ी मुश्किल से गाड़ी में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला है.

सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

पुलिस के मुताबिक गाड़ी में से सभी शवों और घायलों को निकालकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. जहां से पांच शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. वहीं 4 घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सैफई (इटावा) मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. इस दौरान इन सभी घायलों और मृतकों की पहचान कर पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी. यह सूचना पाते ही उनके घरों में कोहराम मच गया.

Follow Us