धमाके के बाद पहुंचा लालकिला, जुटाया विस्फोट के सबूत; पाकिस्तानी जासूस सुहेल का बड़ा खुलासा
गाजियाबाद में गिरफ्तार पाकिस्तानी जासूस सुहेल ने लालकिला धमाके में सनसनीखेज खुलासे किए हैं. उसने बताया कि धमाके के बाद हैंडलर के निर्देश पर मौके पर पहुंचा था. वहां से उसने सबूत जुटाकर पाकिस्तान भेजे थे. दिल्ली धमाके में कई जासूस टीमें सक्रिय थीं, जिनमें नाबालिग भी शामिल थे. पुलिस सुहेल के मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है. इसी कड़ी में देशभर में गिरफ्तारियां जारी हैं.
गाजियाबाद से गिरफ्तार पाकिस्तानी जासूस सुहेल ने पुलिस की पूछताछ में बड़े खुलासे किए हैं. सुहेल ने पुलिस को बताया कि पिछले साल लाल किले के बाहर हुए बम धमाकों की खबर उसे पहले से थी. पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के कहने पर धमाके के बाद वह घटना स्थल पर गया था और सबूत के तौर पर मौके से फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजा था. यही नहीं, उसने घटना के बाद पुलिस की हरकतों की जानकारी भी अपने हैंडलर तक पहुंचाई थी.
सुहेल ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में 10 नवंबर 2025 को लाल किले से बाहर हुए धमाके में जासूसों और आतंकियों की कई टीमें काम कर रही थीं. हर टीम को अलग अलग जिम्मेदारी मिली थी. उसे केवल धमाके के बाद हुए नुकसान के सबूत इकट्ठा करने को कहा गया था. सुहेल के इस खुलासे के बाद दिल्ली धमाके की जांच में नया मोड़ आ गया है. बता दें कि गाजियाबाद पुलिस ने हाल ही में कौशांबी थाना क्षेत्र में जासूसी के आरोप में छह लोगों को अरेस्ट किया था. सुहेल इन्हीं छह जासूसों में से एक है.
लोकेशन की जांच कर रही पुलिस
सुहेल के इस कबूलनामे के बाद गाजियाबाद के साथ ही दिल्ली पुलिस भी एक्टिव हो गई है. पुलिस के मुताबिक सुहेल ने अभी इतना ही कबूल किया है, लेकिन उसके मोबाइल फोन की लोकेशन धमाके से पहले भी लाल किले के आसपास पायी गई है. पुलिस को आशंका है कि इस बम धमाके में भी सुहेल और उसकी टीम की भूमिका हो सकती है. फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. उधर, सुहेल की साथी इरम के मोबाइल फोन की जांच में पता चला है कि वह एक अन्य पाकिस्तानी के संपर्क में भी थी.
कई नाबालिग भी गैंग में
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सुहेल और उसके साथियों ने जासूसी के काम में कई नाबालिग बच्चों को भी लगा रखा था. पुलिस इन बच्चों की पहचान में जुटी है. इनमें से कुछ बच्चे तो गाजियाबाद में भोवापुर इलाके के ही रहने वाले हैं. इन्हें पैसों का लालच देकर अलग अलग स्थानों पर फोटो और वीडियो बनाने के लिए भेजा जाता था. पुलिस ने अब तक इस मामले में 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इनमें एक कोरियर बॉय भी शामिल है.
देश में भर में हो रही गिरफ्तारी
इन जासूसों से हो रही पूछताछ और इनसे मिले इनपुट के आधार पर देश भर में गिरफ्तारी का दौर जारी है. उत्तर प्रदेश में यूपी एटीएस की अलग अलग टीमें एक्टिव हो गई हैं. अभी गुरुवार को ही एक युवक को मुंबई से अरेस्ट किया गया है. जबकि इससे पहले हापुड़ और मुरादाबाद में गिरफ्तारियां हुई हैं. वहीं 50 से अधिक लोग अभी भी पुलिस के रडार पर हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन सभी लोगों को सर्विलांस की नजर में रखा गया है.
