लॉकअप में ऐसी बर्बरता, दरोगा ने पीट-पीटकर फाड़ डाला युवक के कान का पर्दा; हो गया एक्शन
कानपुर में पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है. घरेलू विवाद में हिरासत में लिए गए युवक को लॉकअप में पुलिस ने बेरहमी से पीटा. जिससे उसका कान का पर्दा फट गया. उसके शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं. शिकायत के बाद डीसीपी ने आरोपी दरोगा पवन मिश्रा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर पुलिस का क्रूर चेहरा देखने को मिला है. एक घरेलू विवाद विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में लिया और लॉकअप में बुरी तरह से पिटाई की. पुलिस ने युवक को इतना पीटा कि उसके पूरे शरीर पर नीले निशान पड़ गए. वहीं उसके कान का पर्दा फट गया. युवक की मां ने उसकी हालत देख डीसीपी को शिकायत दी. इसके बाद डीसीपी ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है. उन्होंने मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं.
मामला कानपुर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव को दिए शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे और बहू के साथ रहती है. चूंकि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता, इसलिए अक्सर उनका बेटा उनके पास ही सो जाता है. इस बात को लेकर बहू आए दिन बेटे से झगड़ा करती है और इसी झगड़े में उसने शास्त्री नगर चौकी में शिकायत दे दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बेटे को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने लॉकअप में की बर्बरता
बुजुर्ग महिला के मुताबिक पुलिस चौकी में दरोगा पवन मिश्रा ने साथी पुलिसकर्मियों दारोगा अरुण त्रिवेदी, राजू खरवार, जसवंत सिंह और सुमित सिंह चौहान के साथ मिलकर उनके बेटे के साथ बर्बरता की. इससे उसके पूरे शरीर पर नीले निशान बन गए. वह जब खुद चौकी पहुंची और बेटे की हालत को देखकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया. वहां पता चला कि बेटे के कान का पर्दा फट गया है.
शिकायत पर हुआ एक्शन
पीड़ित मां ने बताया कि उन्होंने तत्काल एसीपी स्वरूप नगर शिखर को शिकायत दी. इसके बाद एसीपी ने दोनों पक्षों, पीड़ित पति-पत्नी और चौकी के पुलिसकर्मियों से पूछताछ की. इसमें चौकी प्रभारी पवन मिश्रा पर लगाए गए आरोप सही पाए गए. इसके बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने दरोगा को सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होगी.
