मेड ने चुराई डायमंड रिंग, वाट्सऐप पर बॉयफ्रेंड से पूछ रही थी कीमत; खुल गई पोल

आगरा में एक मेड ने मालकिन के पर्स से हीरे की अंगूठी चुरा ली. उसने तुरंत अंगूठी की तस्वीर अपने बॉयफ्रेंड को भेजकर कीमत पूछी, जिससे चोरी का खुलासा हो गया. मकान मालकिन को शक होने पर जब फोन चेक किया गया, तो यह चैट सामने आई. पुलिस ने आरोपी मेड लक्ष्मी को गिरफ्तार कर अंगूठी और अन्य महंगी वस्तुएं बरामद कर ली हैं. घटना न्यू आगरा क्षेत्र की है.

डायमंड रिंग चुराने वाली मेड अरेस्ट Image Credit:


उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक मेड ने मकान मालिकन के पर्स से डायमंड रिंग चुराई और फोटो खींच कर अपने बॉयफ्रेंड को भेज दिया. वह इस डायमंड रिंग की कीमत पूछ ही रही थी कि मामले का खुलासा हो गया. इसके बाद मकान मालकिन ने पुलिस बुलाकर आरोपी मेड को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी मेड की पहचान फिरोजाबाद की रहने वाली लक्ष्मी के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला आगरा में थाना न्यू आगरा के रंगजी हाइट्स निर्भय नगर का है. यहां रहने वाले कारोबारी आकाश गोयल ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने घर में काम करने के लिए फिरोजाबाद की रहने वाली लक्ष्मी को फुल टाइम मेड हॉयर किया था. इसी बीच 17 फरवरी को उन्हें अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुरुग्राम जाना पड़ा. इस दौरान वह अपने साथ मेड लक्ष्मी को भी ले गए थे. 19 फरवरी को वापस लौटते समय उनकी पत्नी अर्शी गोयल ने हीरे और सोने की अंगूठियां पर्स में रख ली थीं.

ऐसे हुआ खुलासा

आकाश गोयल के मुताबिक घर पहुंचने के बाद उनकी पत्नी ने अंगूठियां ढूंढनी शुरू की, लेकिन वह नहीं मिली. ऐसे में उन्होंने लक्ष्मी से पूछताछ की, लेकिन उसने साफ मना कर दिया. संदेह के आधार पर उन्होंने लक्ष्मी के मोबाइल फोन को चेक किया तो एक वॉट्सऐप चैट मिला, जिसमें लक्ष्मी ने इन अंगूठियों की फोटो खींच कर इसकी कीमत पूछी थी. इसके बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो बताया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड को अंगूठियों की फोटो भेजी थी.

पुलिस ने किया अरेस्ट

इसके बाद आकाश गोयल ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मेड को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने आरोपी मेड की निशानदेही पर दो अंगूठियों के अलावा दो महंगी घड़ियां भी बरामद की हैं. आकाश गोयल के मुताबिक यदि मेड पूरी बात बता देती तो वह उसे पुलिस के हवाले नहीं करते. न्यू आगरा थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी मेड के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है.