रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले आगरा-इटावा के निकले, शुभम लोनकर गैंग के लिए करते हैं काम

बॉलीवुड निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के मामले में यूपी एसटीएफ ने 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. यह सभी बदमाश शुभम लोनकर गैंग के लिए काम करते थे. यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के साथ यूपी और हरियाणा एसटीएफ ने मिल की है. इन बदमाशों ने रोहित शेट्टी के घर पर 1 फरवरी को रंगदारी और दहशत फैलाने के इरादे से हमला किया था. पूछताछ में वारदात के मास्टरमाइंड गोलू पंडित का नाम सामने आया है.

रोहित सेट्ठी के घर फायरिंग करने वाले बदमाश अरेस्ट Image Credit:

बॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने वाले 7 बदमाशों को यूपी एसटीएफ ने अरेस्ट कर लिया है. यूपी और हरियाणा एसटीएफ के साथ मुंबई पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के आगरा, नोएडा और हरियाणा के झझर से हुई है. यह सभी बदमाश कुख्यात गैंगस्टर शुभम लोनकर गैंग के हैं. इन बदमाशों ने एक फरवरी की आधी रात रोहित सेट्ठी के घर पर दहशत फैलाने और रंगदारी के उद्देश्य से हमला किया था.

यूपी एसटीएफ के मुताबिक एक फरवरी 2026 की रात लगभग 12:45 बजे शुभम लोनकर गैंग के बदमाशों ने जूहू स्थित ‘शेट्टी टावर’ पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. पुलिस की जांच में सामने आया कि इस गैंग के बदमाश फिल्म जगत में दहशत फैलाकर धौंस कायम करना चाहते थे. इसके पीछे इनका मकसद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से रंगदारी वसूल करना था. इस संबंध में रोहित सेट्ठी की टीम की ओर से जूहू पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया था.

आगरा का है मुख्य शूटर

मुंबई पुलिस की जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर दीपक आगरा में विजौली गांव का रहने वाला है. इसी प्रकार उसके अन्य साथी सनी, सोनू, रितिक और विष्णु कुशवाहा भी दीपक के ही गांव के रहने वाले हैं. वहीं एक अन्य साथी जतिन भारद्वाज सदरपुर, सेक्टर 45, गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है तो दूसरा विशाल बसवारा इटावा का रहने वाला है. इस इनपुट पर मुंबई पुलिस ने यूपी एसटीएफ को अपने ऑपरेशन में शामिल किया. इसी दौरान इनके एक और साथी जो झझर का रहने वाला है, उसकी गिरफ्तारी के लिए हरियाणा एसटीएफ की भी मदद ली गई.

एक साथ अंजाम दिया पूरा ऑपरेशन

मुंबई पुलिस और यूपी एसटीएफ के साथ हरियाणा एसटीएफ की टीम ने एक साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया और ताबड़तोड़ दबिश देते हुए झझर, आगरा और नोएडा से इन सातों को बदमाशों को दबोच लिया है. इन सभी बदमाशों को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अब मुंबई ले जाया जा रहा है. पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने बताया कि यह वारदात विधिवत रेकी के बाद अंजाम दिया गया था. वारदात के लिए गैंग की ओर से उन्हें सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल उपलब्ध कराया गया था.

गोलू पंडित है मास्टर माइंड

बदमाशों से हुई पूछताछ में पता चला है कि इस वारदात को शुभम लोनकर गिरोह का बदमाश गोलू पंडित हैंडल कर रहा था. उसके संबंध पकड़े गए बदमाश विष्णु कुशवाहा के साथ मिले हैं. गोलू पंडित पर राजस्थान के श्रीगंगानगर में 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज है. इन बदमाशों को छिपने के लिए जतिन भारद्वाज और विशाल ने जगह और संसाधन उपलब्ध कराए थे. मुंबई पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद इन सभी बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. अब इस मुकदमे में मकोका (MCOCA) की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं.