रातोंरात 3 मंजिल के भवन से सटाकर खोदा बेसमेंट, सुबह होते झुक गई इमारत; मचा हड़कंप

बरेली में रातोंरात अवैध तरीके से बेसमेंट खुदाई के कारण एक तीन मंजिला इमारत खतरनाक तरीके से एक तरफ झुक गई. जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. मकान मालिक ने नियमों का उल्लंघन कर मौजूदा इमारत से सटाकर खुदाई की थी, जिससे नींव कमजोर पड़ गई. बरेली विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और निर्माण कार्य रोक दिया है.

बरेली में बेसमेंट हादसा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली की एक घटना से मोहल्ले के लोग सुबह सुबह ही दहशत में आ गए. दरअसल अचानक यहां एक इमारत एक तरफ को झुक गई. देखते ही घर के लोग दहशत के मारे घर से भागकर बाहर आ गए. सूचना मिलने पर नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पता चला कि इस मकान से सटाकर रातोंरात बेसमेंट की खुदाई की गई है. इसकी वजह से मकान की नींव कमजोर पड़ गई और मकान एक तरफ को झुक गया.

मामला बरेली के चौपुला रोड का है. जानकारी के मुताबिक वेद प्रकाश नामक एक व्यक्ति ने यहां 500 वर्गमीटर के प्लॉट में बेसमेंट बनाने का नक्सा पास कराया था. बेसमेंट खुदाई के लिए बरेली प्राधिकारण ने शर्तों के साथ अनुमति भी दे दी. इसमें मुख्य शर्त थी कि मौजूदा मकान से दो मीटर हटकर खुदाई करनी होगी. लेकिन वेद प्रकाश ने मकान से बिल्कुल सटाकर रातोंरात खुदाई करा दी. इससे मकान एक तरफ को झुक गया.

नींद खुलते दहशत में आ गया परिवार

स्थानीय निवासी विमलेश कुमारी ने बताया कि उन्होंने पहले ही इस तरह की आशंका जाहिर की थी और इस निर्माण को लेकर अथॉरिटी में शिकायत की थी. उस समय तो प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन हालात बिगड़े, तब प्रशासन हरकत में आया. सूचना मिलने के बाद बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं. मामले की जांच कराई गई. इसमें पाया गया कि निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही थी.

पीड़ित को ही थमा दिया नोटिस

बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के मुताबिक शर्तों के साथ बेसमेंट खुदाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन शर्तों का उल्लंघन हुआ है. जानकारी मिलते ही निर्माण कार्य रोककर खुदाई करने वाले व्यक्ति को नोटिस दिया गया है. वहीं नगर निगम ने हड़बड़ी में खुदाई करने वाले की जगह पीड़ित व्यक्ति को ही नोटिस थमा दिया है. हालांकि बाद में गलती का एहसास होने पर इसमें संशोधन किया गया.

प्रशासन ने कराई बैरिकेडिंग

मकान के लगातार झुकने की वजह से इलाके में दहशत का माहौल है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने इस मकान को खाल कराते हुए आसपास बैरिकेडिंग कर दी है. इस मकान पर चेतावनी के बोर्ड भी लगाए गए हैं. नगर निगम और बीडीए ने बेसमेंट मालिक को जारी नोटिस में चेताया है कि यदि कोई दुर्घटना या क्षति होती है तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना होगा. फिलहाल नगर निगम, बीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Follow Us