अलंकार अग्निहोत्री को बरेली से कहा ले गया प्रशासन! समर्थकों ने काटा बवाल, जताया अनहोनी का डर
निलंबित PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री को बरेली से बाहर ले जाया गया, जिससे समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पहले हाउस अरेस्ट किया गया, अब एक निजी वाहन में पुलिस ने गई है. इसके बाद समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, जाम लगाया और नारेबाजी की.
बरेली में 26 जनवरी को PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने शंकराचार्य के अपमान और नए UGC बिल के विरोध में ऐसा कदम उठाय. वहीं, इसके अगले दिन उन्हें निलंबित कर दिया, जिसके बाद से बरेली में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. अलंकार अग्निहोत्री कल से हाउस अरेस्ट थे, आज उन्हें बरेली से बाहर ले जाया गया है.
पुलिस-प्रशासन की टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2:18 बजे अलंकार अग्निहोत्री को निजी कार से बरेली से बाहर ले गई. जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध शुरू हो गया. समर्थकों ने गाड़ी को रोकने की पूरी कोशिश की, नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया. लेकिन प्रशासन उन्हें ले जाने में सफल रहा.
समर्थकों ने काटा बवाल, सड़क पर लगाया जाम
अलंकार अग्निहोत्री को बरेली से बाहर ले जाए जाने के दौरान उनके समर्थकों में जबर्दस्त आक्रोश देखने को मिला. जैसे ही कार आगे बढ़ी, समर्थक उसके पीछे दौड़ पड़े. कई जगहों पर लोगों ने गाड़ी के सामने खड़े होकर रास्ता रोकने की कोशिश की. रामपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर समर्थकों ने जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी.
इस दौरान कुछ समर्थक सड़क पर धरने पर भी बैठ गए. पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई. कई समर्थकों का कहना था कि उन्हें किसी अनहोनी का डर है, इसलिए वे अलंकार अग्निहोत्री को इस तरह ले जाने का विरोध कर रहे हैं. कुछ पुलिस से बहस करते भी नजर आए. इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
कल शाम से थे हाउस अरेस्ट, लगाया था ये आरोप
इस पूरे घटनाक्रम से पहले बुधवार सुबह अलंकार अग्निहोत्री खुद अपने सरकारी आवास से बाहर आए थे और मीडिया से बातचीत की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें कल शाम से ही हाउस अरेस्ट किया गया है. अलंकार ने कहा था कि प्रशासन ने उन्हें आवास के अंदर ही रहने के निर्देश दिए हैं और बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही.
उन्होंने यह भी कहा था कि उनके आवास पर जरूरत से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे उनकी निजता का हनन हो रहा है. वह कानून का पालन करते हुए अपने आवास में ही रुके हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है. पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया था कि ऊपर से आदेश हैं कि वह बाहर नहीं जा सकते.
अलंकार को दिल्ली की ओर ले जाए जाने की अटकलें
TV9 की टीम ने जब अलंकार अग्निहोत्री की कार का पीछा किया तो वह बरेली से मीरगंज तक जाती हुई दिखाई दी. इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें दिल्ली की ओर ले जाया गया है. सूत्र यह भी बता रहे हैं कि शामली में उन्हें टैक किया. हालांकि, उनसे बातचीत नहीं हो सकी. गाड़ी में बैठे अलंकार अग्निहोत्री ने कैमरे की तरफ दो उंगलियां दिखाईं.
जब इस मामले में एडीएम सिटी सौरव दुबे से सवाल किए, तो वह कैमरे से बचते नजर आए. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अलंकार अग्निहोत्री अपनी मर्जी से गए हैं और अब यह नहीं पता कि वह कहां गए हैं. इसके अलावा उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया. फिलहाल, पूरे मामले को लेकर बरेली में सियासी और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है.