अब हरिगढ़ होगा अलीगढ़! राजस्व परिषद आयुक्त ने DM से मांगी रिपोर्ट, 600 साल में छह बार बदला नाम

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले का नाम बदलकर 'हरिगढ़' करने की तैयारी तेज हो गई है. जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रस्ताव पर राजस्व परिषद ने डीएम से रिपोर्ट मांगी है. यह दशकों पुरानी मांग है, जो पौराणिक महत्व पर आधारित है. राजस्व परिषद के संज्ञान से उम्मीद जगी है कि जल्द ही अलीगढ़ को नया नाम 'हरिगढ़' मिल सकता है.

अलीगढ़, इमेज सोर्स: AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश में ताला नगरी अलीगढ़ का नाम और पहचान जल्द ही बदल जाएगा. इस जिले का नाम एक बार फिर से हरिगढ़ करने की तैयारी है. अलीगढ़ के जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह के प्रस्ताव पर राजस्व परिषद के आयुक्त और सचिव ने डीएम अलीगढ़ से रिपोर्ट मांगा है. इसमें उन्होंने डीएम से पूछा है कि अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने के पीछे औचित्य क्या है. डीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद राजस्व परिषद में इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है.

राजस्व परिषद आयुक्त सूरज कुमार यादव ने डीएम अलीगढ़ को लिखे पत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रस्ताव का उल्लेख किया है. लिखा है कि उन्होंने पौराणिक तथ्यों का उल्लेख करते हुए जिले का नाम हरिगढ़ करने का आग्रह किया है. उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा दिए तर्कों का हवाला देते हुए डीएम से औचित्यपूर्ण रिपोर्ट पेश करने को कहा है. बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जिले का नाम बदलने का आग्रह किया था.

दशकों पुरानी मांग

अलीगढ़ जिले का नाम बदलने की मांग कोई पहली बार नहीं हो रही. बल्कि दशकों से और विभिन्न अवसरों पर जिले का नाम हरिगढ़ करने की मांग उठती रही है. आधिकारिक तौर पर पहली बार वर्ष 2021 में जिले का नाम बदलने की मांग जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में हुई. इसमें अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास भी हो गया था. इसके बाद जिला पंचायत ने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया, लेकिन अभी तक शासन स्तर पर कोई फैसला नहीं हो सका है.

अब जगी उम्मीद

जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह के मुताबिक बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव अब तक शासन के पास लंबित था, लेकिन अब राजस्व परिषद ने इस पर ना केवल संज्ञान लिया है, बल्कि इस संबंध में जरूरी औपचारिकताएं भी शुरू कर दी है. इससे उम्मीद जगी है कि जल्द ही जिले का नाम बदल जाएगा. उन्होंने ऐतिहासिक और पौराणिक दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि बीते 600 सालों में ही जिले का नाम 6 बार बदला है.

कब-कब बदला नाम

अलीगढ़ का अस्तित्व सतयुग में था. उस समय इस भूभाग को कोल कहा जाता था. त्रेता के आखिर और पूरे द्वापर युग में इस भूभाग को हरिगढ़ के नाम से जाना और पहचाना गया. कालांतर में इस भूभाग पर अलग अलग शासकों का राज हुआ और उन्होंने अपने हिसाब से जिले का नामकरण भी किया. प्री-मुगल काल में हरिगढ़ से बदलकर इस जिले का नाम मुहम्मदगढ़ रखा गया. फिर साबितगढ़ और रामगढ़ हुआ. मुगलकाल के मध्य में जिले का नाम फिर बदला और यह अलीगढ़ हो गया.

Follow Us