चौकी के अंदर झुलसा युवक, परिजन बोले- पेट्रोल छिड़ककर पुलिस ने लगाई आग; हड़कंप
अलीगढ़ के खैर पुलिस चौकी परिसर में एक शख्स ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली है. फिलहाल उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है. हालांकि, उसके भाई ने पुलिस कर्मियों पर भाई को आग के हवाले करने का आरोप लगाया है.
अलीगढ़ खैर चौकी परिसर में पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर एससी-एसटी एक्ट में वारंटी एक अभियुक्त का पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है. पुलिस चौकी परिसर में इस दिल दहला देने वाले घटना से हड़कंप मच गया. फिलहाल, आग में बुरी तरह झुलसे व्यक्ति को आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर ले जाया गया. हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
मामले की सूचना मिलते ही खैर कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठौर मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आग लगाने के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. परिजनों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है.चौकी परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फोटोज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके.
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अभियुक्त मनोज वर्मा द्वारा आग लगाए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे उसके भाई राजीव सोनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने कहा कि उसके भाई के ऊपर एससी एसटी एक्ट में वारंट निकला हुआ था. ऐसे में चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसके भाई के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.
राजीव सोनी ने आगे कहा कि पुलिस कर्मी हर तीसरे-चौथे दिन उसके भाई कों उठाकर चौकी या थाने ले जाते हैं. फिर उसके साथ बैठकर शराब का भी सेवन करते हैं. रविवार को उसका भाई मनोज वर्मा पुरानी तहसील के बाहर खड़ा हुआ था. तभी कुछ पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे और उसको पकड़ कर अपने साथ कस्बा खैर पुलिस चौकी ले गए. इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसके भाई को आग के हवाले कर दिया.
घटना को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
घटना को लेकर सीओ खैर वरुण कुमार सिंह ने बताया कि खैर चौकी के पास की गली में खुद को आग लगाने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल घायल व्यक्ति की आग बुझाते हुए प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी खैर भेजा गया. फिर उसे आगे की इलाज के लिए उपचार हेतु हायर सेंटर रेफर किया गया है. घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी चेक करते हुए. घटना के कारणों की जानकारी की जा रही है. प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी.